यह क्या? हवाई यात्रा नहीं बल्कि 5G चलाने के लिए Varanasi Airport पहुंच रहे लोग
Varanasi Airport पर 5G सेवा प्रारंभ हो जाने के बाद यात्रियों के अलावा अन्य लोग भी एयरपोर्ट पर पहुंचकर 5G का आनंद ले रहे हैं
Varanasi Airport पर इधर दो तीन दिनों से दोपहर और शाम के समय काफी भीड़ देखने को मिल रही है। जबकि यह भीड़ हवाई यात्रा करने वाले यात्रियों की नहीं है बल्कि एयरपोर्ट पर हाल ही में शुरू हुए 5G सेवा का आनंद लेने के लिए पहुंचने वालों की है। वाराणसी एयरपोर्ट पर एक अक्टूबर के बाद से 5G नेटवर्क की सुविधा मिलने लगी है। वाराणसी के ग्रामीण और शहरी क्षेत्र में रहने वाले युवा एयरपोर्ट परिसर में पहुंच कर 5G का लाभ उठा रहे हैं। वहीं एयरपोर्ट प्रशासन द्वारा बताया गया कि 5G नेटवर्क की सुविधा प्रारंभ होने के बाद काम करने में काफी आसानी हो गई है। कोई भी फाइल अपलोड या सेंड करने में काफी कम समय लग रहा है।

पुराने मॉडल के स्मार्टफोन रखने वाले मायूस
जिन लोगों के पास पुराने मॉडल के स्मार्टफोन हैं और केवल 4G नेटवर्क सपोर्ट कर रहे हैं। उन लोगों को एयरपोर्ट पर पहुंचने के बाद मायूस होना पड़ रहा है। लोहरापुर निवासी राजकुमार पटेल और कोईराजपुर निवासी सुरेंद्र यादव ने बताया कि एयरपोर्ट पर 5G सेवा काफी अच्छी है और बहुत अच्छा स्पीड मिल रहा है। लोगों ने यह भी कहा कि 2 से 3 घंटे की मूवी को लोड करने में 05 से 10 मिनट लग रहे हैं। वहीं लाइव स्ट्रीमिंग के दौरान फुल एचडी 1080P व अल्ट्रा एचडी में वीडियो देखने पर भी बफरिंग नहीं कर रहा है। ऐसे में लोगों ने यह भी कहा कि इस सुविधा के प्रारंभ हो जाने से नेट चलाने में उन्हें काफी सहूलियत मिलेगी।
Varanasi Airport पर इस तरह चलाएं 5G
वाराणसी एयरपोर्ट पर पहुंचने के बाद टर्मिनल भवन के बाहर मोबाइल का वाईफाई ऑन करने के बाद वाराणसी एयरपोर्ट 5G को सलेक्ट करना होगा। 5G नेटवर्क सलेक्ट करने के बाद अपना मोबाइल नंबर दर्ज करना पड़ेगा। उसके बाद मोबाइल नंबर पर ओटीपी आएगा। ओटीपी दर्ज करने के बाद मोबाइल में 5G इंटरनेट चलने लगेगा। हालांकि यह इंटरनेट केवल 10 मिनट से आधे घंटे तक ही चलेगा। एक दिन में एक नंबर से केवल एक बार ही रजिस्ट्रेशन किया जा सकता है।












Click it and Unblock the Notifications