UP Nikay Chunav 2023: वाराणसी में बोले डिप्टी सीएम, यूपी में 75 फीसदी वोट हमारा, बाकी में सभी पार्टियां
नगर निकाय चुनाव में कार्यकर्ताओं से संवाद करने के लिए डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य शुक्रवार को वाराणसी पहुंचे। वाराणसी में उन्होंने कहा कि 100 में 75 फ़ीसदी वोट हमारा है बाकी में सभी पार्टियां हैं।

UP Nikay Chunav 2023: को लेकर सभी पार्टियों द्वारा अपने अपने स्तर से चुनाव प्रचार प्रारंभ कर दिया गया है। शुक्रवार को डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य वाराणसी पहुंचे। वाराणसी में उन्होंने भाजपा के कार्यकर्ताओं से संवाद किया।
वाराणसी के रोहनिया में स्थित भारतीय जनता पार्टी के जिला कार्यालय में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी में युवाओं का भविष्य है। उन्होंने कहा कि पार्टी के कार्यकर्ता खुद को प्रत्याशी समझकर प्रचार करें।
इस दौरान विपक्षी पार्टियों पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि अन्य पार्टियों के पास चुनाव में कोई मुद्दा नहीं है। यही कारण है कि सपा बसपा और कांग्रेस के स्टार प्रचारक भी मैदान में दिखाई नहीं दे रहे हैं।
उन्होंने कहा कि सपा बसपा और कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व को पता है कि जनता ने कमल खिलाने का मन बना लिया है ऐसे में उनके पास कोई मुद्दा ही नहीं बचा है। विपक्षी पार्टियों के लोग शासन में विश्वास नहीं रखते हैं और वह भ्रष्टाचार चाहते हैं और माफियाओं को बढ़ावा देते हैं।
कार्यकर्ताओं के संवाद कार्यक्रम के बाद मीडियाकर्मियों से बातचीत के दौरान डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि पूरे उत्तर प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी की आंधी चल रही है। उत्तर प्रदेश के सभी जनपदों में नगर निकाय चुनाव में बीजेपी प्रत्याशी काफी अधिक वोट से जीतेंगे।
यूपी में 100 फ़ीसदी वोट में 75 फ़ीसदी मतदाता भाजपा के साथ हैं अन्य 25 फ़ीसदी में सभी पार्टियां शामिल हैं। उन्होंने यह भी कहा कि बचे हुए 25 फ़ीसदी में भारतीय जनता पार्टी का हिस्सा है।
वाराणसी के बारे में बोलते हुए उन्होंने कहा कि यहां देखने में ऐसा लगता है कि काशी भाजपा की और भाजपा काशी की है। राम मंदिर के सवाल पर उन्होंने कहा कि मैं राम मंदिर का सच्चा सिपाही रहा हूं और पूरे देश को 22 जनवरी 2024 का बेसब्री से इंतजार है।
उन्होंने कहा कि साल 2014 से पहले की काशी और वर्तमान काशी में जमीन और आसमान का अंतर है। बीते लोकसभा और विधानसभा चुनाव के परिणाम पर ध्यान दिया जाए तो जनता ने भाजपा को एकतरफा बहुमत दिया है।
वहीं अतीक अहमद केस में एसआईटी जांच के मामले पर उन्होंने कहा कि इस मामले में जांच चल रही है सरकार द्वारा गठित एसआईटी की टीम द्वारा जांच की जा रही है। एसआईटी द्वारा जांच के बाद जल्द ही रिपोर्ट सामने आएगी।
वाराणसी में बीजेपी ने झोंकी ताकत: वाराणसी में शुक्रवार को डिप्टी सीएम केशव मौर्य और बृजेश पाठक ने कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। शनिवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी वाराणसी पहुंचेंगे और जनसभा को संबोधित करेंगे।












Click it and Unblock the Notifications