UP News: वाराणसी में 457 एकड़ में बनेगा वर्ल्ड सिटी एक्सपो, दस गांवों के 5 हजार किसानों से ली जाएगी जमीन
UP Varanasi News: उत्तर प्रदेश के वाराणसी जिले के रिंग रोड फेज एक के किनारे 10 गांवों की जमीन पर पूर्वांचल की पहली एकीकृत आवासीय योजना वर्ल्ड सिटी एक्सपो को लेकर काम शुरू हो गया है। आवास विकास परिषद की ओर से गांवों में रहने वाले उन किसानों को नोटिस जारी किया गया है जिनकी जमीन ली जा रही है।
वाराणसी के ग्रामीण क्षेत्र के विकास के लिए सरकार द्वारा यह योजना लाई गई है। अधिकारियों का कहना है कि आवास विकास परिषद द्वारा बनाए जाने वाली वर्ल्ड सिटी एक्सपो को गृह स्थान व बाजार की योजना के तहत विकसित किया जाएगा। इसके अलावा इस योजना में अलग-अलग गतिविधियों को भी शामिल किया गया है।

वर्ल्ड सिटी एक्सपो पब्लिक प्राइवेट पार्टनरशिप मॉडल पर प्रस्तावित योजना के तहत बनाई जाएगी। इसमें होटल और मॉल भी संचालित किए जाएंगे। इसके अलावा बहु मंजिला आवासीय भवन भी रहेगा। निर्माण हो जाने के बाद हरहुआ इलाके का विकास तीव्र गति से होगा।
इन गांवों में ली जाएगी भूमि
रिंग रोड फेज एक के किनारे हरहुआ में बनने वाले वर्ल्ड सिटी एक्सपो का निर्माण 457 एकड़ में किया जाएगा। इसके निर्माण के लिए हरहुआ ब्लाक के वाजिदपुर, हरहुआ, प्रतापपट्टी, मिर्जापुर, रामसिंहपुर, सिंहापुर, देवनाथपुर, इदिलपुर, बिशनपुर और बझियां आदि गांवों की भूमि ली जाएगी।
इस योजना के तहत जिन गांवों की भूमि अधिग्रहित की जानी है उन गांव के किसानों को नोटिस जारी कर दिया गया है। अधिकारियों का कहना है कि 31 अगस्त तक आपत्ति दर्ज कराने के लिए समय दिया गया है। जो भी किसान अपनी भूमिया भवन से संबंधित आपत्ति दर्ज कराना चाहते हैं वह आवास विकास परिषद कार्यालय में उपस्थित होकर आपत्ति दर्ज करा सकते हैं।
वहीं अधिकारियों द्वारा बताया गया कि अभी तक जारी की गई आपत्तियों के बाद करीब ढाई सौ से अधिक किसानों द्वारा आपत्ति दर्ज कराई गई है। किसानों का कहना है कि जमीन ही उनका एकमात्र साधन है और उसी पर खेती किसानी करके अपना जीवन यापन करते हैं। ऐसे में उनका घर और व्यवसाय जागने से पहले सरकार को विचार करना चाहिए।












Click it and Unblock the Notifications