UP News: इंडिगो ने वाराणसी एयरपोर्ट से पुणे और दिल्ली के लिए स्थगित की हवाई सेवा, सामने आई ये वजह
UP News: वाराणसी के लाल बहादुर शास्त्री अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर घने कोहरे के चलते विमान सेवाएं लगातार प्रभावित हो रही हैं। ऐसे में एयरलाइंस कंपनियों को भी काफी नुकसान हो रहा है। लगातार घना कोहरा पड़ने और हवाई यातायात प्रभावित होने के चलते विमानन कंपनियों द्वारा अब अपनी विमान सेवाओं को स्थगित भी किया जाने लगा है।
हाल ही में निजी विमानन कंपनी इंडिगो एयरलाइन द्वारा वाराणसी एयरपोर्ट से पुणे और दिल्ली के बीच संचालित होने वाली फ्लाइट को अगले आदेश तक स्थगित कर दिया गया है। ये दोनों फ्लाइट अल सुबह और देर रात्रि में संचालित होती थी, जिसके चलते घने कोहरे के समय दोनों विमानों की लैंडिंग और टेकऑफ में समस्या हो रही थी।

इस कारण एयरपोर्ट पर नहीं होती है लैंडिंग
दरअसल, वाराणसी के लाल बहादुर शास्त्री अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर मौजूदा समय में कैट वन प्रणाली का आईएलएस (इंस्ट्रूमेंट लैंडिंग सिस्टम) का इस्तेमाल विमानों के लैंडिंग और टेकऑफ के लिए किया जाता है। कैट वन प्रणाली के लिए 800 मीटर या उससे अधिक दृश्यता होने पर ही विमानों का आवागमन हो पाता है।
ऐसे में कोहरे के दिनों में दृश्यता 800 मीटर से कम हो जाने के कारण वाराणसी के लाल बहादुर शास्त्री अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर विमान की लैंडिंग और टेक ऑफ नहीं हो पाता। जबकि यदि मेट्रो एयरपोर्ट की बात करें तो देश के अधिकतर मेट्रो एयरपोर्ट पर इंस्ट्रूमेंट लैंडिंग सिस्टम को अपग्रेड किया जा चुका है।
इसलिए अपग्रेड नहीं हो पा रहा आईएलएस
वाराणसी एयरपोर्ट पर भूमि की कमी होने के चलते एयरपोर्ट का विस्तारीकरण भी प्रभावित है। एयरपोर्ट विस्तारीकरण के लिए 300 एकड़ से अधिक भूमि की तत्काल आवश्यकता है। इसके अलावा पूर्व में ही 593 एकड़ भूमि अधिग्रहित किए जाने को लेकर मास्टर प्लान तैयार किया गया था।
एयरपोर्ट निदेशक प्रदीप गुप्ता द्वारा बताया गया की भूमि की कमी होने के चलते अभी तक वाराणसी एयरपोर्ट की विस्तारीकरण योजना भी अटकी हुई है तथा इंस्ट्रूमेंट लैंडिंग सिस्टम को भी अपग्रेड किया जाना संभव नहीं है। उन्होंने यह भी कहा कि भूमि अधिग्रहण के लिए तैयारी चल रही है। भूमि अधिग्रहण होने के बाद एयरपोर्ट विस्तारीकरण के साथ ही इंस्ट्रूमेंट लैंडिंग सिस्टम को भी अपग्रेड कर दिया जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications