UP: 'आम' के लिए चाचा-भतीजे में खूनी संघर्ष, गंभीर रूप से घायल युवक की मौत, चार घायल, गांव में मातम
UP Jaunpur News: उत्तर प्रदेश के जौनपुर में आम तोड़ने के लिए चाचा और भतीजे में मारपीट हो गई। इस दौरान एक पक्ष द्वारा बल्लम से वार कर दिया गया। मारपीट में एक युवक की मौत हो गई जबकि 4 घायल हैं।

UP Jaunpur News: उत्तर प्रदेश के जौनपुर जनपद में आम के लिए गुरुवार को चाचा और भतीजे में मारपीट हो गई। मारपीट के दौरान गंभीर रूप से घायल भतीजे की मौत हो गई जबकि चार लोग अभी गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। घटना की सूचना मिलने के बाद गांव में पहुंची पुलिस आवश्यक कार्रवाई में जुटी हुई है।
यह पूरा मामला जौनपुर जनपद के मीरगंज थाना अंतर्गत कमासिन नरवापर गांव का है। गांव में गिरजा शंकर प्रजापति (38) का मकान है। बताया जा रहा है कि गुरुवार सुबह गिरिजा शंकर का अपने चाचा से आम तोड़ने को लेकर विवाद हो गया। सुबह 8 बजे दोनों पक्षों में हल्की कहासुनी हुई।
कहासुनी के बाद दोनों तरफ से लाठी-डंडे निकल गए। आरोप है कि इस दौरान गिरिजा शंकर के चाचा के घर वाले लाठी डंडा के साथ ही बल्लम लेकर पहुंचे और गिरिजा शंकर तथा उसके साथ के लोगों पर हमला बोल दिए। मारपीट के दौरान किसी ने गिरजा शंकर के शरीर में बल्लम घोंप दिया।
बल्लम घोंपे जाने के चलते गिरजा शंकर के शरीर से अत्यधिक रक्तस्त्राव होने लगा और वह लहूलुहान होकर धरती पर गिर गया। इसी बीच रूद्र प्रजापति और रामजीत प्रजापति को भी लोगों ने मारपीट कर घायल कर दिया। दूसरे पक्ष के भी दो लोग मारपीट में घायल हुए।
गिरजा शंकर के जमीन पर गिर जाने के चलते गिरजा के परिवार के लोग चीखने चिल्लाने लगे। वे लोग तत्काल गिरजा शंकर को लेकर अस्पताल पहुंचे जहां चिकित्सकों द्वारा उसे मृत घोषित कर दिया गया। बताया गया कि गिरिजा शंकर के सीने पर बाएं तरफ बल्लम घोंपा गया था।
मृतक के परिजनों द्वारा इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दी गई। सूचना मिलने के बाद पुलिस घटनास्थल पर पहुंच कर जांच पड़ताल की। इस बारे में मीरगंज थानाध्यक्ष बृजेश कुमार गुप्ता द्वारा मीडिया को बताया गया कि एक पक्ष से तीन और दूसरे पक्ष से दो लोग घायल हुए थे, जिसमें एक व्यक्ति की अस्पताल में मौत हो गई है। अन्य घायलों का अस्पताल में उपचार चल रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि दोनों पक्षों की तरफ से तहरीर दी गई है तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।












Click it and Unblock the Notifications