Land Registry: प्रॉपर्टी रजिस्ट्रेशन करवाने वालों के लिए खुशखबरी! इन छुट्टियों पर भी खुले रहेंगे सरकारी दफ्तर
Varanasi Land Registry News: वित्तीय वर्ष 2024-25 में स्टांप राजस्व लक्ष्य को शत-प्रतिशत प्राप्त करने के उद्देश्य से मार्च के द्वितीय शनिवार (08 मार्च) और सभी रविवार (02, 09, 16, 23 व 30 मार्च) को उप निबंधक कार्यालय खुले रहेंगे। इन दिनों में विलेख पंजीकरण (डीड रजिस्ट्रेशन) का कार्य सुचारू रूप से जारी रहेगा।
इस बारे में वाराणसी के अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) व जिला निबंधक वंदिता श्रीवास्तव ने बताया कि जनपद वाराणसी के लिए 117600 लाख रुपये का स्टांप राजस्व लक्ष्य निर्धारित किया गया है। जनवरी 2025 तक 76220.20 लाख रुपये की राजस्व प्राप्ति हो चुकी है, जो कुल लक्ष्य का 78.01 प्रतिशत है। लक्ष्य को पूर्ण करने के लिए मार्च माह में विशेष प्रयास किए जाएंगे।

मार्च में अवकाश कम, इसलिए लिया गया निर्णय
मार्च में होली पर्व के चलते 13 व 14 मार्च को सार्वजनिक अवकाश रहेगा, जबकि 15 मार्च को निर्बंधित अवकाश होगा। इसके कारण कार्यदिवस सीमित रह जाएंगे। इसी को ध्यान में रखते हुए 08, 02, 09, 16, 23 और 30 मार्च को कार्यालय खोलने का निर्णय लिया गया है।
संबंधित क्षेत्रीय बार एसोसिएशन्स, दस्तावेज लेखक संघ और आम जनता को इस निर्णय की जानकारी देने के निर्देश दिए गए हैं। ताकि लोग इन अतिरिक्त कार्यदिवसों में अपने दस्तावेजों का पंजीकरण करा सकें और राजस्व लक्ष्य को पूरा करने में सहयोग दें।
स्टेशन लीव और अवकाश नहीं होगा अनुमन्य
मार्च में कार्यदिवसों की कमी को देखते हुए विशेष अपरिहार्य परिस्थितियों को छोड़कर कोई भी अवकाश या स्टेशन लीव स्वीकृत नहीं की जाएगी। आदेश का पालन न करने पर कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
अधिकारियों द्वारा बताया गया कि यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है और इसमें किसी भी प्रकार की शिथिलता या लापरवाही को गंभीरता से लिया जाएगा। जिला प्रशासन ने जनता से अपील की है कि वे समय रहते अपने दस्तावेजों का पंजीकरण कराएं और इस सुविधा का लाभ उठाएं।












Click it and Unblock the Notifications