Varanasi: नकली दवा के साथ सरगना गिरफ्तार, पूर्वांचल समेत कई राज्यों में करता था नकली दवाओं की सप्लाई
यूपी एसटीएफ की वाराणसी इकाई द्वारा पूर्वांचल समेत देश के अन्य राज्यों में नकली दवा की सप्लाई करने वाले गिरोह के सरगना को गिरफ्तार किया गया है। उसकी निशानदेही पर 7.5 करोड़ की नकली दवा भी बरामद की गई है।

यूपी एसटीएफ की Varanasi इकाई ने ब्रांडेड कंपनियों के नाम पर नकली दवा बनवाने के बाद उनकी सप्लाई करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। एसटीएफ द्वारा गिरोह के सरगना को वाराणसी से गिरफ्तार करने के साथ ही 7.5 करोड़ से अधिक की नकली दवाएं भी बरामद की गई है। पकड़े गए अभियुक्त से एसटीएफ द्वारा पूछताछ की जा रही है। बताया जा रहा है कि गिरोह के द्वारा पूर्वांचल समेत देश के अन्य राज्यों में भी नकली दवाओं की सप्लाई की जाती थी।

बुलंदशहर का रहने वाला है सरगना
वाराणसी जिले के सिगरा थाना क्षेत्र के चर्च कॉलोनी से एसटीएफ ने अशोक कुमार को गिरफ्तार किया है। अशोक कुमार नकली दवाओं की सप्लाई करने वाले गिरोह का सरगना बताया जा रहा है जो मूल रुप से बुलंदशहर जनपद के सिकंदराबाद थाना अंतर्गत टीचर्स कॉलोनी का रहने वाला है। मामले का खुलासा करते हुए बताया गया कि गिरोह द्वारा नकली दवाएं बनवा कर वाराणसी में उनका भंडारण किया जाता था। वाराणसी में भंडारण करने के बाद इन दवाओं को वाराणसी समेत पूर्वांचल के अन्य जनपदों के अलावा कोलकाता, हैदराबाद, पटना, गया और पूर्णिया आदि शहरों में सप्लाई किया जाता था।

7.5 करोड़ रुपए की नकली दवाएं बरामद
जारी सूचना में बताया गया कि गिरोह के द्वारा वाराणसी जिले के मंडुआडीह थाना अंतर्गत महेशपुर में स्थित एक गोदाम में दवाओं का भंडारण किया जाता था। पकड़े गए अभियुक्त की निशानदेही पर गोदाम में भी छापेमारी की गई और वहां से करीब 300 पेटी नकली दवाएं बरामद की गई है। इसमें मोनोसेफ ओ, पैन डी, सेफ जेड, गाबापिन एनटी, पैन 40, टैक्सिम ओ, क्लावम 625 सहित अन्य ब्रांडेड कंपनियों की नकली दवाएं शामिल हैं। अधिकारियों द्वारा बताया गया कि नकली दवा के अलावा चार लाख चालीस हजार रुपए और कूट रचित बिल एवं अन्य दस्तावेज भी बरामद किए गए हैं। यह भी कहा गया कि गिरफ्तार अभियुक्त से पूछताछ करते हुए गिरोह में शामिल अन्य सदस्यों की गिरफ्तारी का प्रयास किया जा रहा है। स्थानीय पुलिस और खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग के सहयोग से कार्रवाई की जा रही है।
Recommended Video













Click it and Unblock the Notifications