बीजेपी नेताओं को टिकट बेचे जाने का आरोप लगाकर सपा नेताओं ने किया हंगामा: Video Viral
समाजवादी पार्टी ने वाराणसी जिले में पार्षद प्रत्याशियों की सूची आधी रात को जारी कर दी। सूची जारी होने के बाद सोमवार सुबह सपा नेताओं व कार्यकर्ताओं ने हंगामा करना शुरू कर दिया।

यूपी निकाय चुनाव को ध्यान में रखते हुए रविवार की देर रात समाजवादी पार्टी द्वारा वाराणसी के 98 वार्डों के लिए उम्मीदवारों की घोषणा की गई। टिकट जारी किए जाने के बाद सुबह में रुपए लेकर टिकट बेचने का आरोप लगाते हुए सपा नेता हंगामा करने लगे।
सोशल मीडिया पर इसका Video Viral हो रहा है। फिलहाल, कुछ लोग महानगर अध्यक्ष तो कुछ लोग जिलाध्यक्ष सुजीत यादव लक्कड़ के यहां चक्कर लगा रहे हैं। सुबह से दोपहर तक वाराणसी में सपा नेताओं की काफी गहमागमी भी देखने को मिली।
दरअसल, सोमवार सुबह करीब 10 बजे सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ। वीडियो में दिखाई दे रहा है कि वाराणसी जिले के महानगर अध्यक्ष दिलीप डे, सपा नेता पूजा यादव और अशफाक डब्लू सहित सपा के अन्य नेता कार्यकर्ता मौजूद हैं।
वीडियो में सपा नेताओं द्वारा कहा जा रहा है कि रुपए लेकर बीजेपी नेताओं को टिकट दिया गया है। भाजपा नेताओं को टिकट दिया गया है, ऐसे में समाजवादी पार्टी के नेता किस तरह उनका प्रचार करेंगे।
सपा नेताओं द्वारा यह भी कहा जा रहा है कि समाजवादी पार्टी के किसी भी नेता को टिकट दे दिया जाय। सपा के नेता कार्यकर्ता उसे जिताने के लिए पूरा प्रयास करेंगे। इस दौरान महानगर अध्यक्ष कुछ नहीं बोल रहे हैं।
इसी बीच एक कॉल रिकार्डिंग भी सोमवार को सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। कॉल रिकार्डिंग बात करने वाले दो सपा नेताओं द्वारा भी रुपए लेकर टिकट दिए जाने का आरोप लगाया जा रहा है।
यह पहला मामला नहीं है जब सपा नेताओं और कार्यकर्ताओं द्वारा टिकट में धांधली का आरोप लगाया गया है। इसके पहले भी पंचायत चुनाव में भी जिला पंचायत सदस्यों के टिकट वितरण में भी धांधली का आरोप लगा था।
उस दौरान कई नेताओं ने तो यहां तक आरोप लगाया था कि मोटी रकम लेकर भाजपा व अन्य पार्टी के नेताओं को टिकट दे दिया गया। उस समय सपा के वाराणसी जिले के एक वरिष्ठ पदाधिकारी द्वारा चार पहिया खरीदने पर भी चर्चाओं का बाजार गर्म हो गया था।












Click it and Unblock the Notifications