आरआरबी एनटीपीसी परीक्षा : खराब की-बोर्ड के चलते परीक्षा प्रभावित, परीक्षार्थियों ने किया हंगामा
वाराणसी में आरआरबी एनटीपीसी परीक्षा के दौरान खराब की-बोर्ड के चलते परीक्षा हुई प्रभावित, परीक्षार्थियों ने रात तक किया हंगामा
वाराणसी,13 अगस्त: वाराणसी जिले के बड़ागांव थाना अंतर्गत हरहुआ बाजार में एक परीक्षा केंद्र पर आरआरबी एनटीपीसी परीक्षा देने आए परीक्षार्थियों ने शुक्रवार को रात में जमकर हंगामा किया। परीक्षार्थियों द्वारा नारेबाजी और हंगामा किए जाने के बाद मौके पर पुलिस कर्मी पहुंचे लेकिन परीक्षार्थी वहां से हटने को तैयार नहीं थे। रात्रि में क्षेत्राधिकारी बड़ागांव और अन्य अधिकारियों द्वारा उच्चाधिकारियों को अवगत कराने के साथ ही परीक्षा पुनः कराने का आश्वासन दिया गया उसके बाद लोग शांत हुए।

पूर्वांचल सहित अन्य राज्यों से आये थे परीक्षार्थी
हरहुआ में स्थित एसआर प्लेटिनम इंग्लिश स्कूल में स्थित टीसीएस आईओएन ज़ोन में शुक्रवार को आरआरबी एनटीपीसी (नॉन टेक्निकल पॉपुलर कैटेगरी) में टंकण परीक्षा के लिए का परीक्षा केंद्र बनाया गया था। परीक्षा केंद्र पर वाराणसी, गाजीपुर, चंदौली, प्रयागराज के अलावा पटना से भी परीक्षार्थी परीक्षा देने पहुंचे थे। परीक्षार्थियों ने आरोप लगाया कि परीक्षा कक्ष में की-बोर्ड के बटन टूटे हुए थे। शिकायत करने के बाद भी व्यवस्थापक द्वारा की-बोर्ड नहीं बदले गए। खराब की-बोर्ड के चलते उनकी परीक्षा प्रभावित हुई।

चार साल की मेहनत 10 मिनट में बर्बाद
पटना से परीक्षा देने के लिए पहुंची अनुराधा कुमारी नामक छात्रा ने बताया कि की-बोर्ड की शिकायत करने पर उनका प्रवेश पत्र छीन लिया गया। बाद में जब छात्रों ने हंगामा करना शुरू किया तो उनका प्रवेश पत्र दिया गया। अनुराधा कुमारी ने कहा कि 4 साल से जिस परीक्षा की उनके द्वारा तैयारी की जा रही थी। परीक्षा केंद्र पर लापरवाही के चलते 10 मिनट में पूरा कैरियर चौपट हो गया। परीक्षार्थियों ने मांग किया कि परीक्षा को रद्द की जाए और पुनः परीक्षा कराई जाए।

अधिकारियों के समझाने के बाद माने परीक्षार्थियों
रात्रि 9 बजे मौके पर क्षेत्राधिकारी बड़ागांव व आरआरबी की परीक्षा कराने वाले अधिकारी पहुंचे। धरना प्रदर्शन और नारेबाजी कर रहे परीक्षार्थियों को अधिकारियों द्वारा समझाया गया। परीक्षार्थियों द्वारा एक शिकायती पत्र अधिकारियों को दिया गया, जिस पर अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि उच्चाधिकारियों को अवगत कराने के साथ ही केंद्र पर पुनः परीक्षा करवाने का प्रयास किया जाएगा। उसके बाद परीक्षार्थी शांत हुए।












Click it and Unblock the Notifications