शादी कार्ड में एक गलती के चलते रामलीला समिति को पूरे देश से मांगनी पड़ी माफी, जाने ऐसा क्या हुआ?
वाराणसी में रामलीला के दौरान राम और सीता स्वयंवर का मंचन किए जाने के दिन का एक कार्ड छपवाना रामलीला समिति को भारी पड़ गया
वाराणसी, 26 सितंबर : वाराणसी में रामलीला के दौरान राम और सीता स्वयंवर का मंचन किए जाने के दिन का एक कार्ड छपवाना रामलीला समिति को भारी पड़ गया। शादी का कार्ड सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद लोग तरह तरह के प्रश्न करने लगे। कई लोगों द्वारा इसे लेकर नाराजगी जताई गई और पुलिस से शिकायत भी की गई। जानकारी होने के बाद चोलापुर थाने की पुलिस रामलीला समिति से जुड़े लोगों के पास पहुंची और उनसे पूछताछ किया गया। पूछताछ में रामलीला समिति के सदस्यों द्वारा अपनी गलती को स्वीकार किया गया और वाराणसी समेत देश के लोगों और हिंदू समाज से माफी मांगी गई।

सीता स्वयंवर में गदहापुर नरेश नामक पात्र
दरअसल चोलापुर थाना क्षेत्र के नियार गांव में करीब 200 वर्षों से रामलीला का आयोजन किया जाता है। सीता स्वयंवर, धनुष यज्ञ के दिन लोगों के मनोरंजन के लिए एक पात्र गदहापुर नरेश का भी बनाया गया है। शुरू से ही सीता स्वयंवर में गदहापुर नरेश सीता जी से शादी करने की इच्छा लेकर आता है लेकिन वह धनुष नहीं उठा पाता है और लज्जित होकर लौट जाता है। इस दौरान इस हास्य पात्र को देखने के लिए काफी संख्या में ग्रामीण एकत्र होते हैं और इससे ग्रामीणों का मनोरंजन भी होता है।

गदहापुर नरेश से सीताजी की शादी का छपवा दिए कार्ड
रामलीला समिति से जुड़े कुछ लोगों द्वारा इस बार एक कार्ड छपवाया गया जिसमें गदहापुर नरेश से सीताजी की शादी की बात लिखी गई। शादी जैसा कार्ड छपवाए जाने के बाद यह सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। कार्ड वायरल होने के बाद लोगों द्वारा इस तरह के सवाल किए जाने लगे। वहीं मैथिली समाज के लोगों द्वारा इस कार्ड को लेकर आपत्ति दर्ज कराई गई। लोगों द्वारा ट्वीट करते हुए पुलिस से शिकायत भी किया गया। धीरे धीरे यह कार्ड सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो गया।

पुलिस द्वारा की गई जांच, पुलिस को दिए माफीनामा
यह कार्ड सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामले की गंभीरता को देखते हुए वाराणसी ग्रामीण क्षेत्र के चोलापुर थाना की पुलिस रामलीला समिति के लोगों से संपर्क की। रामलीला समिति के लोगों को भी अपनी गलती का एहसास हुआ। उसके बाद लोगों ने इसे अपनी गलती मानते हुए एक माफीनामा लिखकर पुलिस को दिए। माफीनामा में उन्होंने देश के समस्त नागरिकों और हिंदू समाज के लोगों से माफी भी मांगी है। फिलहाल इस मामले को लेकर जिले में तरह-तरह की चर्चा चल रही है।












Click it and Unblock the Notifications