वाराणसी : राजस्थान के राज्यपाल कलराज मिश्रा बोले- अशोक गहलोत को देता रहा हूं सलाह
राजस्थान के राज्यपाल कलराज मिश्रा सोमवार को दो दिवसीय दौरे पर वाराणसी पहुंचे, वे राजस्थान के राजनीतिक हलचल को कांग्रेस पार्टी का अंदरूनी मामला बताए
वाराणसी, 26 सितंबर : राजस्थान के राज्यपाल कलराज मिश्रा सोमवार को वाराणसी पहुंचे। वाराणसी में राजस्थान की राजनीतिक हलचल पर मीडिया कर्मियों द्वारा पूछे गए प्रश्न पर जवाब देते हुए उन्होंने कहा कि एक पार्टी विशेष के अंदर इस तरह की घटना घट रही है और उस पार्टी के लोग इसका समाधान निकालेंगे। ये उनके पार्टी के अंदर का मामला है, उसमें मेरी कोई भूमिका नहीं है। इस दौरान राजस्थान में कांग्रेस नेताओं को लेकर उन्होंने कोई जवाब नहीं दिया। हालांकि उन्होंने कहा कि जब उनके पास तक मामला आएगा उसके बाद संवैधानिक समाधान की तलाश की जाएगी।

संवैधानिक प्रमुख होने के नाते देता रहा हूं सलाह
इस दौरान अशोक गहलोत को लेकर पूछे गए सवाल पर उन्होंने कहा कि मैं राजस्थान का संवैधानिक प्रमुख हूं, राज्यपाल हूं और वो कार्यपालिका के प्रमुख हैं, सीएम हैं। स्वाभाविक रूप से हमारा उनका सामंजस्य ठीक से बैठा। संवैधानिक प्रमुख के नाते जो उचित सलाह संवैधानिक दृष्टि से देने की आवश्यकता पड़ती है, मैं देता हूं। इसके अलावा राजस्थान में चल रहे राजनीतिक हलचल को लेकर पूछे गए किसी भी सवाल का वे नहीं दिए और बोले कि यह एक पार्टी का अंदरूनी मामला है, मैं इस पर टिप्पणी नहीं कर सकता हूं।
दो दिवसीय दौरे पर आए हैं वाराणसी
राजस्थान के राज्यपाल कलराज मिश्रा दो दिवसीय दौरे पर वाराणसी आए हैं। सोमवार को दोपहर बाद वे वाराणसी सर्किट हाउस पहुंचे। वहां पर उन्हें 'गार्ड ऑफ ऑनर' दिया गया। उसके बाद स्थानीय नेता सर्किट हाउस में उनसे मुलाकात किए। उसके उपरांत वे एक कार्यक्रम में हिस्सा लेने चले गए और वहां से श्री काशी विश्वनाथ धाम और संकट मोचन मंदिर में दर्शन किए। रात्रि में सर्किट हाउस में विश्राम करने के बाद मंगलवार को सुबह वे वाराणसी सर्किट हाउस से मिर्जापुर के लिए प्रस्थान कर जाएंगे। मिर्जापुर में मां विंध्यवासिनी धाम में दर्शन करने के बाद मंगलवार को दोपहर वाराणसी वापस लौटेंगे और वाराणसी के लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से राजकीय विमान द्वारा वे जयपुर प्रस्थान कर जाएंगे।












Click it and Unblock the Notifications