वाराणसी में 5 लाख बच्चों को पिलाई जाएंगी 'दो बूंद जिंदगी की', जिलाधिकारी ने सभी लोगों से की ये खास अपील
पल्स पोलियो अभियान के सफल संचालन के संबंध में गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी एस राजलिंगम की अध्यक्षता में जिला टास्क फोर्स की बैठक हुई। आठ दिसंबर से जिले में विशेष पल्स पोलियो अभियान शुरू किया जा रहा है। इस अभियान में पांच वर्ष तक के 5,68,511 बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई जाएगी।
अभियान की तैयारियों की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने जिले की कार्ययोजना की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने निर्देश दिए कि लक्षित शत-प्रतिशत बच्चों को पोलियो की खुराक अवश्य पिलाई जाए। इसके लिए तैनात कर्मियों को प्रशिक्षित किया जाए तथा अभियान के तहत ही बीमार व प्रतिरक्षित परिवारों के बच्चों को चिन्हित कर उन्हें पोलियो की खुराक पिलाई जाए।

इस अभियान में किसी भी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इस अभियान का महत्व इसलिए बढ़ जाता है, क्योंकि इस वित्तीय वर्ष में हमारे पड़ोसी देश पाकिस्तान में 541 तथा अफगानिस्तान में 106 मामले सामने आए हैं। वाराणसी तीर्थ स्थल होने के कारण यहां आवागमन काफी रहता है, इसलिए संक्रमण फैलने की संभावना बढ़ जाती है।
जिलाधिकारी ने सभी लोगों से अपील की है कि वे अपने 5 वर्ष तक के बच्चों को पोलियो की खुराक अवश्य पिलाएं। मुख्य विकास अधिकारी हिमांशु नागपाल ने बताया कि 8 दिसंबर को बूथ दिवस पर सभी स्कूल खोले जाएंगे तथा बच्चों की कॉल टीम बनाकर बूथ दिवस पर अधिक से अधिक बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने का प्रयास किया जाए।
इस दिन सभी आंगनबाड़ी केंद्र भी संचालित किए जाएंगे। बूथों का उद्घाटन स्थानीय जनप्रतिनिधियों के माध्यम से कराया जाए। इसी प्रकार मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. संदीप चौधरी ने बताया कि छह दिवसीय इस अभियान में 5,68,511 बच्चे दवा पीएंगे। बूथ दिवस की शुरुआत रविवार 8 दिसंबर से हो रही है।

इसमें जिले में 1813 बूथों पर पोलियो की खुराक पिलाई जाएगी। जबकि घर-घर जाकर पोलियो की खुराक पिलाने के लिए कुल 1265 टीमें भी लगाई गई हैं। तथा 36 ट्रांजिट टीमें बनाई गई हैं। जो बच्चे बूथ तक नहीं पहुंच पाएंगे, उनके लिए 9 दिसंबर से घर-घर जाकर पोलियो की खुराक पिलाई जाएगी। इसके बाद भी अगर कोई बच्चा दवा पीने से वंचित रह जाता है, तो उसे 16 दिसंबर को पोलियो की खुराक पिलाई जाएगी। इसलिए सतर्क रहें और अपने 5 साल तक के बच्चों को पोलियो की खुराक जरूर पिलाएं।












Click it and Unblock the Notifications