वाराणसी: बदमाश को पकड़ने गई पुलिस टीम पर हमला, इंस्पेक्टर-सिपाही को पेड़ से बांधकर पीटा
वाराणसी। उत्तर प्रदेश के वाराणसी में छापेमारी करने गई क्राइम ब्रांच की टीम पर ग्रामीणों ने हमला बोल दिया। एसटीएफ की गाड़ी के पीछे बाइक से कवर कर रहे दारोगा और सिपाही को ग्रामीणों ने बंधक बना लिया। दारोगा की पिस्टल छीनने के बाद ग्रामीणों ने दोनों को पेड़ से बांधकर पिटाई की। हमले में वाराणसी के रोहनिया थाने के इंस्पेक्टर परशुराम त्रिपाठी सहित पांच पुलिसकर्मी घायल बताए जा रहे हैं।

अपराधियों को पकड़ने गई थी क्राइम ब्रांच की टीम
सोमवार की रात जौनपुर क्राइम ब्रांच की टीम रमेश राजभर नाम के एक अपराधी की तलाश में वाराणसी के जंसा के हरसोस गांव में दबिश देने पहुंची थी। अपराधी को पकड़ने से गुस्साए ग्रामीणों ने क्राइम ब्रांच की टीम को घेर लिया और उन पर हमला कर दिया। सूचना पाकर रोहनियां इंस्पेक्टर परशुराम त्रिपाठी फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए।

इंस्पेक्टर और सिपाही को बनाया बंधक
इंस्पेक्टर एसटीएफ की गाड़ी के पीछे बाइक थे उन्हें कवर कर रहे थे। ग्रामीणों ने उन्हें पकड़ लिया और बंधक बना लिया। दरोगा की पिस्टल छीनने के बाद ग्रामीणों ने दोनों को पेड़ से बांधकर पिटाई करने लगे। पुलिसकर्मियों को बंधक बनाकर पीटे जाने की सूचना मिलते ही आसपास के थानों की फोर्स पहुंची तो ग्रामीणों ने पथराव शुरू कर दिया। पथराव में इंस्पेक्टर परशुराम त्रिपाठी समेत पांच पुलिसकर्मी घायल हो गए।

घायल पुलिसकर्मियों को भेजा गया अस्पताल
पुलिस पर हमले की सूचना मिलते ही हड़कंप मच गया। जिले के सभी थानों की फोर्स, पीएसी की गाड़ियां दौड़ पड़ी। एसएसपी भी मौके पर पहुंचे। घायल पुलिसकर्मियों को अस्पताल भेजा गया। पुलिस दरोगा की पिस्टल बरामद करने और पुलिसकर्मियों की पिटाई करने वालों की तलाश में जुटी है। एसएसपी आनंद कुलकर्णी ने बताया कि अपराधी के पकड़े जाने से गुस्साए ग्रामीणों ने रोहनियां पुलिस टीम पर भी हमला कर दिया। हमले में इंस्पेक्टर परशुराम त्रिपाठी और 2 कांस्टेबल घायल हुए हैं। कुछ लोगों को चिन्हित किया गया है। साथ ही बवाल में शामिल कुछ लोगों से पूछताछ की जा रही है।












Click it and Unblock the Notifications