नरेंद्र मोदी के प्रस्तावक रहे डोम राजा जगदीश चौधरी का निधन, पीएम ने ट्वीट कर कही ये बात
वाराणसी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नामांकन में प्रस्तावक रहे वाराणसी के डोम राजा जगदीश चौधरी का मंगलवार की सुबह निधन हो गया। जगदीश चौधरी की उम्र 55 साल थी। वह लंबे समय से बीमार चल रहे थे। मंगलवार की सुबह उनकी हालत ज्यादा खराब होने पर आनन-फानन में उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां उन्होंने अंतिम सांस ली। उनका अंतिम संस्कार मणिकर्णिका घाट पर किया जाएगा। बता दें, जगदीश चौधरी 2019 के लोकसभा चुनाव में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के चुनाव प्रस्तावकों में शामिल रहे थे। पीएम नरेंद्र मोदी और यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ ने काशी के डोम राजा के निधन पर शोक जताया है।

पीएम ने कहा- डोम राजा के निधन से अत्यंत दुख पहुंचा
वाराणसी से दूसरी बार नामांकन भरने वाले मोदी के प्रस्तावकों में डोम राजा जगदीश चौधरी भी शामिल थे। परिजनों के मुताबिक, डोम राजा जगदीश के जांघ में कई महीने पहले घाव हो गया था। सिगरा स्थित निजी अस्पताल से उनका इलाज चल रहा था। मंगलवार सुबह उनकी हालत अचानक से ज्यादा बिगड़ गई। आनन-फानन में उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां थोड़ी देर बाद उन्होंने दम तोड़ दिया। पीएम मोदी ने ट्वीट कर कहा, 'वाराणसी के डोम राजा जगदीश चौधरी जी के निधन से अत्यंत दुख पहुंचा है। वे काशी की संस्कृति में रचे-बसे थे और वहां की सनातन परंपरा के संवाहक रहे। उन्होंने जीवनपर्यंत सामाजिक समरसता के लिए काम किया। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति प्रदान करे और परिजनों को इस पीड़ा को सहने की शक्ति दे।'

सीएम योगी ने जताया दुख, कही ये बात
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने डोम राजा के निधन पर शोक जताते हुए कहा, 2019 के लोकसभा चुनाव में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रस्तावक रहे आदरणीय डोम राजा जगदीश चौधरी जी का निधन। सादर नमन। डोम राजा केवल बनारस के लिए लिहाज से ही नहीं बल्कि आध्यात्म के लिहाज से भी महत्वपूर्ण हैं। हिंदू धर्म में छुआछूत समाप्त करने के उद्देश्य से महंत अवैद्यनाथ जी ने डोम राजा के घर साधुओं के साथ भोजन कर सहभोज की शुरु़आत की थी।

डोम राजा ने कही थी ये बात
जगदीश चौधरी 2019 के लोकसभा चुनाव में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के चुनाव प्रस्तावकों में शामिल रहे थे। तब डोम राजा ने कहा था कि पहली बार किसी राजनीतिक दल ने हमें यह पहचान दी है और वह भी खुद प्रधानमंत्री ने। हम बरसों से लानत झेलते आए हैं। हालात पहले से सुधरे जरूर हैं, लेकिन समाज में हमें पहचान नहीं मिली है और प्रधानमंत्री चाहेंगे तो हमारी दशा जरूर बेहतर होगी। उन्होंने यह भी कहा था कि नेता वोट मांगने आते हैं, लेकिन बाद में कोई सुध नहीं लेता। पीएम मोदी का प्रस्तावक बनने पर जगदीश चौधरी ने कहा था कि यह पूरी बिरादरी के लिए गर्व की बात है कि मैं प्रधानमंत्री का प्रस्तावक बन सका। हम समाज में पहचान पाने को तरस गए हैं। उम्मीद है कि नरेंद्र मोदी जीतने के बाद हमारी पीड़ा समझेंगे और हमें वह दर्जा समाज में दिलाएंगे जिसकी शुरुआत आज हुई है।












Click it and Unblock the Notifications