UP: वाराणसी में अगले महीने इंटरनेशनल स्टेडियम का शिलान्यास कर सकते हैं पीएम मोदी, जानिए कितना आएगा खर्च
UP Varanasi News: वाराणसी में बनने वाले इंटरनेशनल स्टेडियम का शिलान्यास जुलाई के महीने में किया जा सकता है। उम्मीद जताई जा रही है कि पीएम मोदी शिलान्यास करने वाराणसी आएंगे।
Varanasi International Stadium: वाराणसी में बनने वाले पूर्वांचल के पहले अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम का शिलान्यास अगले माह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा किया जा सकता है। स्टेडियम निर्माण के लिए कंपनी के चयन की प्रक्रिया अंतिम दौर में है और जल्द ही उसे पूरा कर लिया जाएगा।
रिपोर्ट की मानें तो अगले सप्ताह तक उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन द्वारा कंपनी का चयन कर लिया जाएगा। कंपनी का चयन किए जाने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। स्टेडियम निर्माण के लिए भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया भी लगभग पूरी की जा चुकी है।

अधिकारियों का कहना है कि कंपनी का चयन किए जाने के बाद अगले माह में स्टेडियम का शिलान्यास किया जा सकता है। ऐसे में संभावना जताई जा रही है कि जुलाई में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वाराणसी आएंगे और पूर्वांचल के पहले इंटरनेशनल स्टेडियम का शिलान्यास करेंगे।
अधिकारियों द्वारा मीडिया को बताया गया कि स्टेडियम निर्माण के लिए उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन द्वारा वन विभाग प्रदूषण और सिविल एवियशन से एनओसी ले ली गई है। यह सब प्रक्रिया पूरी हो जाने के बाद अब कंपनी के चयन का कार्य चल रहा है।
400 करोड़ में बनेगा स्टेडियम: वाराणसी के राजातालाब तहसील अंतर्गत गंजारी गांव में रिंग रोड फेज 2 के किनारे अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम का निर्माण कराया जाना है। अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम के निर्माण के लिए करीब एक साल से प्रक्रिया चल रही है।
प्रदेश सरकार द्वारा जारी किए गए बजट में भी अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम को शामिल किया गया था। स्टेडियम के निर्माण के लिए उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन द्वारा करीब 400 करोड रुपए खर्च किए जाएंगे। 2024 तक बनकर तैयार होने वाले इस अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में करीब 30000 लोगों के बैठने की क्षमता होगी।
स्टेडियम का डिजाइन और प्लान अंतरराष्ट्रीय मानकों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। स्टेडियम में दर्शकों के बैठने के साथ ही वाराणसी समेत पूरे पूर्वांचल के खिलाड़ियों को अभ्यास की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी।
यह स्टेडियम हरहुआ से राजातालाब तक रिंग रोड फेज 2 के किनारे बनाया जा रहा है। ऐसे में यहां आवागमन के आसान साधन भी उपलब्ध होंगे। वाराणसी और आसपास के जिलों जैसे प्रयागराज, कौशाम्बी, भदोही, मिर्जापुर, सोनभद्र, चंदौली, गाजीपुर, जौनपुर, आजमगढ़, मऊ, बलिया, देवरिया के लोगों को जहां आने जाने में आसानी होगी वहीं बिहार और मध्य प्रदेश के लोग नेशनल हाईवे के रास्ते रिंग रोड से आसानी से स्टेडियम पहुंच सकेंगे।
यह भी बता दें कि बीते मार्च महीने में वाराणसी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आगमन के दौरान संभावना जताई जा रही थी कि प्रधानमंत्री द्वारा इसकी आधारशिला रखी जा सकती है। लेकिन उस समय प्रधानमंत्री द्वारा इसकी आधारशिला नहीं रखी गई। फिलहाल अब तैयारियां लगभग पूरी हो चुकी है ऐसे में संभावना जताई जा रही है कि जुलाई में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा इसका शिलान्यास किया जा सकता है।












Click it and Unblock the Notifications