Varanasi News: पिज्जा डिलीवरी के दौरान करता था रेकी और रात में वारदात को देता था अंजाम, ऐसे खुला राज
वाराणसी में पिज़्ज़ा डिलीवरी के दौरान रेकी करने के बाद रात में चोरी की घटना को अंजाम देने वाले अभियुक्त को पुलिस ने गिरफ्तार किया है।

Varanasi कमिश्नरेट पुलिस ने बाइक चोरी करने वाले दो अभियुक्तों को रविवार को गिरफ्तार किया। पूछताछ में पता चला कि एक अभियुक्त दिन में पिज़्ज़ा की डिलीवरी करने के दौरान रेकी करता था और रात में अपने मित्र संग चोरी की घटना को अंजाम देता था। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने 8 मोटरसाइकिल बरामद किया। पकड़े गए अभियुक्त और उसके साथी को रविवार को पुलिस ने मीडिया के सामने पेश किया।

पिज़्ज़ा डिलीवरी के दौरान तलाशता था सेफ ज़ोन
दरअसल, वाराणसी कमिश्नरेट के लालपुर थाने की पुलिस ने बाइक चोरी की घटना को अंजाम देने वाले दो अभियुक्तों को मुखबिर की सूचना पर रविवार को गिरफ्तार कर लिया। रविवार को इस घटना का खुलासा करते हुए डीसीपी वरुणा ज़ोन आरती सिंह द्वारा बताया गया कि गाजीपुर जिले के जखनिया निवासी सुनील यादव एक जानी-मानी कंपनी में पिज़्ज़ा डिलीवरी का काम करता था। दिन में वह बाइक से घूम घूम कर पिज़्ज़ा डिलीवरी का काम करता था इस दौरान जहां भी बुकिंग होती थी उस कॉलोनी में जाता था और चोरी की घटना को अंजाम देने के लिए सेफ ज़ोन की तलाश भी करता था। दिनभर भ्रमण के दौरान वह चोरी की घटना को अंजाम देने के लिए जब सेफ जोन तलाश लेता था उसके बाद गाजीपुर जिले के दिलदारनगर के रहने वाले अपने सहयोगी दीपक के साथ मिलकर चोरी की घटना को अंजाम देता था।

चोरी करने के बाद बदल देता था नंबर प्लेट
पुलिस द्वारा यह भी बताया गया कि बाइक चोरी करने के बाद तुरंत इन अभियुक्तों द्वारा बाइक का नंबर प्लेट बदल दिया जाता था। नंबर प्लेट बदलने के बाद दोनों अभियुक्त बाइक को सुरक्षित स्थान पर पहुंचा ते थे उसके बाद बाइक बेचने के लिए ग्राहक की तलाश में जुट जाते थे। दोनों द्वारा लगातार बाइक चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया जा रहा था ऐसे में बढ़ती हुई बाइक चोरी की घटनाओं को देखते हुए इसके लिए पुलिस टीम लगाई गई थी। पुलिस टीम द्वारा सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर की मदद से अभियुक्तों की पहचान और उन्हें गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा था। पिज़्ज़ा डिलीवरी ब्वॉय होने के चलते कई जगह चोरी की घटना होने के बावजूद भी पुलिस को उसके ऊपर शक नहीं हुआ था। बाइक चोरी करने वाले अभियुक्त की पुलिस टीम सरगर्मी से तलाश कर रही थी इसी बीच शनिवार को जब जानकारी मिली तो पुलिस टीम घेराबंदी कर गिरफ्तार कर ली।

पिज़्ज़ा सेंटर की बेसमेंट में रखा था बाइक
पकड़े गए अभियुक्तों के पास से पुलिस ने 315 बोर का एक तमंचा तथा उनकी निशानदेही पर अर्दली बाजार में स्थित पिज़्ज़ा सेंटर के बेसमेंट से चोरी की पांच बाइक और पांडेपुर स्थित एक एटीएम के समीप से तीन बाइक बरामद की। पुलिस द्वारा पूछताछ में दोनों अभियुक्तों द्वारा जुर्म स्वीकार कर लिया गया और दोनों अभियुक्तों ने पुलिस को यह भी बताया कि अपने महंगे शौक पूरे करने के लिए में चोरी की घटनाओं को अंजाम देते थे।
Recommended Video













Click it and Unblock the Notifications