भैया जी जोशी के राम मंदिर बयान पर ओमप्रकाश राजभर ने कही यह बात
Varanasi News, वाराणसी। आरएसएस सरकार्यवाह भैया जी जोशी ने सच कहा है, बीजेपी नहीं चाहती कि राम मंदिर बने। बाकी चीजों पर अध्यादेश आ सकता है तो राम मंदिर पर क्यों नहीं ला सकते। मैंने पहले ही कहा था कि राम मंदिर नहीं बनेगा। अपनी ही गठबंधन की सरकार के खिलाफ बोलनेवाले यूपी कैबिनेट मंत्री और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर ने वाराणसी के सर्किट हाउस में मीडिया से मुखातिब होने के दौरान कही।

'भैयाजी जोशी ने सही कहा...'
ओमप्रकाश राजभर ने कहा कि मेरा बस इतना कहना है कि जब चुनाव आता है तभी भाजपा को राम याद आते हैं। जब चुनाव बीत जाता है तो यह राम को भूल जाते हैं। यह कटु सत्य है और जो उन्होंने कहा है, भैया जी जोशी ने वह बिल्कुल सही कहा है। क्योंकि यह तो मैं कह रहा हूं बार-बार कि राम मंदिर नहीं बनेगा, जब तक कोर्ट का फैसला नहीं आएगा तब तक कोई जबरदस्ती नहीं बना सकता है। देश कानून से चलता है और अध्यादेश लाने के लिए उनको कौन रोक रहा है? देश में बहुमत की सरकार है, प्रदेश में बहुमत की सरकार है, बीजेपी सरकार एससी-एसटी एक्ट में अध्यादेश ला सकते हैं। 48 घंटे में गरीब सवर्ण आरक्षण पर अध्यादेश ला सकते हैं, उसे पास करा सकते हैं पर यह चाहते ही नहीं है कि राम मंदिर बन जाए।

'80 सीटों पर लड़ेगे चुनाव'
ओमप्रकाश ने एक बार फिर धमकी दी कि 27% अति पिछड़ा आरक्षण बंटवारा न होने पर 24 फरवरी को बनारस में एक कार्यक्रम करके 25 फरवरी को प्रत्याशियों की घोषणा करके 80 सीटों पर चुनाव लड़ेंगे। वहीं दंगाइयों को जिंदा जलाने के बयान पर कायम रहते हुए ओमप्रकाश राजभर ने एक बार फिर कहा कि हिन्दू-मुसलमान के नाम पर दंगा कराने वाले को जिंदा जला दें, भाजपा भी दूध की धुली नहीं है।

शिवपाल पर साधा निशाना
राजभर ने कहा कि बुलंदशहर में भाजपा का नेता दंगा में पकड़ा गया। भाजपा पीछे नहीं है। जो भावना भड़काकर गरीबों को आग में झोंकने की कोशिश करें उन गरीबों से मैं कहता हूं कि जो तुझे जलाने आए, उसको उसी आग में जलाकर राख कर दो। शिवपाल पर निशाना साधा और कहा कि शिवपाल सेक्युलर हैं भी कि नहीं, पता नहीं। साथ ही कहा, बुआ-बबुआ गठबंधन से मजबूत हुए हैं।

'कुंभ और प्रवासी सम्मेलन में फिजूलखर्ची'
प्रवासी भारतीय सम्मेलन मैं किसी तरह का निमंत्रण ना दिए जाने को लेकर भी ओपी राजभर का दर्द सामने आया। उन्होंने प्रवासी भारतीय सम्मेलन और कुंभ को फिजूलखर्ची बताते हुए कहा कि देश तब तरक्की करेगा जब रोजगार और शिक्षा होगी। कहा कि करोड़ों रुपए शिक्षा, दवाई और फैक्ट्रियों पर खर्च करते तब बढ़िया रहता है, इससे लोगों को लाभ मिलता। मुझे वाराणसी में होने वाले प्रवासी भारतीय का निमंत्रण नहीं मिला है और अगर मिलेगा तो भी मैं नहीं जाऊंगा। प्रवासी भारतीय सम्मेलन और कुम्भ ड्रामा है, इससे विकास नहीं होगा।












Click it and Unblock the Notifications