Varanasi Police : वाराणसी ग्रामीण पुलिस होगी हाईटेक, चार थानों के लिए बनेंगे नए भवन
Varanasi में पुलिस को हाईटेक बनाने का प्रयास चल रहा है, वाराणसी ग्रामीण क्षेत्र के चार थानों के जर्जर भवनों को तोड़कर जल्द ही अब वहां पर हाईटेक भवनों का निर्माण कराया जाएगा। जिसकी तैयारी पूरी हो चुकी है।
Varanasi में पुलिस को हाईटेक बनाने का प्रयास चल रहा है। वाराणसी ग्रामीण क्षेत्र के चार थानों के जर्जर भवनों को तोड़कर वहां पर हाईटेक भवनों का निर्माण कराया जाएगा। अधिकारियों द्वारा बताया गया कि बनाए जाने वाले चारों थानों का डीपीआर तैयार हो चुका है और जल्द ही टेंडर जारी करते हुए इसका निर्माण कार्य प्रारंभ होगा। नए भवन अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस होंगे। चयनित चार थानों में मिर्जामुराद, फूलपुर, रोहनिया और चौबेपुर थाने के भवन शामिल हैं। मिर्जामुराद और फूलपुर थाने का भवन काफी पुराना और जर्जर हो चुका है।

संसाधनों की कमी के चलते लिया गया फैसला
इस बारे में अधिकारियों द्वारा बताया गया कि थाने जर्जर हो चुके हैं तथा क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिसकर्मियों की तैनाती भी पहले की अपेक्षा बढ़ जाने के चलते समस्या उत्पन्न हो रही है। स्टॉप अधिक होने पर उनको रहने के चलते भी समस्या देखने को मिल रही है यही कारण है कि नए भवन बनाए जाने हैं। इस बारे में पुलिस अधीक्षक वाराणसी ग्रामीण सूर्यकांत त्रिपाठी ने बताया कि वाराणसी ग्रामीण क्षेत्र के चार पुलिस थानों के भवन को पूर्व में ही चयनित किया गया था और भवनों को गिरा कर उनके जगह पर नया निर्माण कराए जाने को लेकर मुख्यालय प्रस्ताव भेजा गया था। प्रस्ताव पास हो गया है और अब थानों पर भवन निर्माण कराए जाने को लेकर आगे की कार्रवाई चल रही है।
इन सुविधाओं से लैस होगा नया भवन
अधिकारियों ने बताया कि उपरोक्त चारों थानों के लिए बनाए जाने वाले भवन में प्रशासनिक भवन, रिसेप्शन काउंटर, महिला हेल्प डेस्क, आगंतुक कक्ष, महिला और पुरुष अभियुक्तों के लिए अलग-अलग हवालात, शस्त्रागार, मालखाना, स्टाफ रूम, फायर रूम, सर्विलांस रूम, कंप्यूटर सर्वर रूम, कान्फ्रेंस हाल के साथ ही थाने पर ड्यूटी करने वाले पुलिसकर्मियों के रहने हेतु फ्लैट बनवाए जाएंगे। जिसमें महिला और पुरुष पुलिसकर्मियों के लिए अलग-अलग बैरक की व्यवस्था होगी।
यह भी बता दें कि वाराणसी ग्रामीण क्षेत्र के सिंधोरा थाने के भवन को अभी हाल ही में हाईटेक बनाया गया है। 12 हजार वर्ग फीट में बने इस थाने में सभी हाईटेक सुविधाएं हैं। यह थाना श्रावस्ती के बाद उत्तर प्रदेश का दूसरा मॉडल थाना है जो अत्याधुनिक सुविधाओं से लैश है। सिंधोरा थाने के उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हाथों किया गया था।












Click it and Unblock the Notifications