अपना दल परिवार की बेटियों में विवाद: मां कृष्णा पटेल ने अनुप्रिया पटेल के पति पर लगाया साजिश करने का आरोप
वाराणसी, 29 अक्टूबर। विधानसभा चुनाव से पहले उत्तर प्रदेश के पॉलिटिकल परिवार अपना दल (एस) और अपना दल ( कमेरावादी) दो फाड़ दिख रहे हैं। दरअसल कृष्णा पटेल की छोटी बेटी अमन पटेल ने बीते दिनों यूपी के डीजीपी से मुलाकात कर एक लेटर सौंपी थी। अमन पटेल के लेटर के मुताबिक, वसीयत को बदलने और संपत्ति हड़पने के लिए पल्लवी पटेल साजिश रच रही है और उससे मां की जान को खतरा है। इस लेटर के वायरल होने के बाद पल्लवी पटेल के पक्ष में बचाव के लिए मां कृष्णा पटेल मीडिया के सामने आईं। अपना दल (कमेरावादी) की राष्ट्रीय अध्यक्ष कृष्णा पटेल ने कहा कि छोटी बेटी अमन पटेल नादान है और षड्यंत्र के तहत वह इस तरीके का लेटर दे रही है। कहा कि इस पूरे झगड़े की जड़ में अनुप्रिया पटेल का पति आशीष पटेल है। 2012 के विधानसभा चुनाव में मेरे ही सिग्नेचर पर पार्टी में अनुप्रिया को विधायक प्रत्याशी बनाने की सहमति बनी थी और लोकसभा चुनाव में आशीष पटेल को सांसद प्रत्याशी बनाने को लेकर सहमति बनी थी। मेरे पति के मरने के बाद पल्लवी ने दोनों हाथों से पार्टी और परिवार को संभाला है, उसे जानबूझकर इस तरीके के आरोप लगाकर बदनाम किया जा रहा है।

'दामाद आशीष पटेल डाल रहा परिवार में फूट'
वसीयत को बदलने को लेकर अमन पटेल के आरोप पर कृष्णा पटेल ने कहा कि जो मेरी संपत्ति है, मेरे पति की बनाई हुई है, उनके जाने के बाद वह संपत्ति मेरी है। मैं किसको क्या दूंगी, किसके हिस्से में क्या दूंगी या नहीं दूंगी मैं ही इसका फैसला करूंगी। मेरे ऊपर फैसला करने वाला कोई और नहीं है। वह मेरी अपनी संपत्ति है, मैं अपनी खुशी से जिसको चाहूंगी उसको दूंगी। कृष्णा पटेल ने कहा कि 2012 के बाद से परिवार और पार्टी के अंदर फूट डालने वाला एक की व्यक्ति है जो आशीष पटेल है, मेरा दामाद है। मैं चाहती हूं कि स्वर्गीय डॉक्टर सोनेलाल पटेल की जो मौत हुई है उसकी भी सीबीआई जांच होनी चाहिए।

'बेटी अनुप्रिया के कारण सरकार हमें नहीं दे रही सुरक्षा'
अपना दल ( कमेरावादी) की राष्ट्रीय अध्यक्ष कृष्णा पटेल ने केंद्रीय मंत्री और बेटी अनुप्रिया पटेल, उनके पति एमएलसी आशीष पटेल पर आरोप लगाते हुए कहा कि 2012 में जबसे यहां विधानसभा का चुनाव हुआ है, हम निरंतर मांग कर रहे हैं कि हमको सुरक्षा दी जाए। लेकिन सरकार में मेरी बेटी अनुप्रिया का दल शामिल है, उसी वजह से हमको सुरक्षा नहीं दी जाती है। हम लोग मुख्यमंत्री के आवास पर भी गए, पत्र भी दिया और हम लोगों ने सुरक्षा की गुहार लगाई लेकिन हमें सुरक्षा नहीं दी गई। इसलिए आज हमें मीडिया के सामने आना पड़ा। हम महिला हैं और पॉलिटिकल महिला होने के कारण हमें रात-दिन चलना पड़ता है। हम अकेले चलते हैं, हमारा कोई साथी नहीं इसलिए हमें सुरक्षा मिले।

अमन से षड्यंत्र के तहत लिखाया गया डीजीपी को पत्र
डीजीपी को लिखे गए बेटी अमन पटेल के पत्र में पल्लवी पटेल पर लगाए गए आरोपों को कृष्णा पटेल ने सिरे से खारिज कर दिया। कहा कि बेटी अमन नादान है, किसी षड्यंत्र के कारण वह ऐसा कह रही है। इसमें उसका कोई लेना-देना नहीं, वह लंबे समय से बाहर रही है, अभी-अभी वह आई है। पहले यहां नहीं रहती थी। यह सब षड्यंत्र के तहत उसको कहा गया है तो उसने यह लेटर दिया है। मैं घर जाऊंगी तब उसको समझाऊंगी।












Click it and Unblock the Notifications