वाराणसी: बच्चों से तिरंगे के लिए मांगे गए 40 से 50 रुपए, Video Viral होने पर की जा रही जांच
वाराणसी के सरकारी स्कूल में पढ़ने वाले बच्चों से तिरंगे के लिए रुपए वसूले गए, बच्चों का वीडियो वायरल होने के बाद अधिकारियों द्वारा इस मामले में की जा रही जांच
वाराणसी, 17 अगस्त: वाराणसी जिले के बड़ागांव विकास खंड से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। विकास खंड के बरही कला गांव में स्थित सरकारी स्कूल के अध्यापक पर स्कूल में पढ़ने वाले बच्चों से तिरंगे के लिए 40 से 50 रुपए वसूलने का आरोप लगा है। मामले की जानकारी जब गांव के लोगों को हुई तो उन लोगों ने बच्चों का वीडियो बना लिया और उसे सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। मामले की जानकारी होने के बाद अधिकारियों द्वारा अध्यापक से स्पष्टीकरण मांगा गया है। बड़ागांव खंड शिक्षा अधिकारी का कहना है कि मामला उनके संज्ञान में है अध्यापक को नोटिस भेजकर जवाब मांगा गया है।

विधायक से की गई शिकायत
इस मामले ने बड़ागांव ब्लाक के बरही कला गांव के प्रधान प्रतिनिधि दिलीप सिंह ने पिंडरा विधायक डॉ अवधेश सिंह और बड़ागांव एबीएसए रमाशंकर पांडेय से शिकायत किया। दिलीप सिंह ने कहा कि राष्ट्रीय ध्वज के लिए स्कूल में पढ़ने जाने वाले बच्चों से वसूली किया जाना ठीक नहीं है। उन्होंने कहा कि सरकारी स्कूल में पढ़ने वाले कमजोर वर्ग के बच्चों से 40 से 50 रुपए वसूलने वाले अध्यापक के खिलाफ कार्रवाई की जानी चाहिए। यदि कार्रवाई नहीं की जाती है, तो ग्रामीण धरना प्रदर्शन भी करेंगे।
50 रुपए लेकर 910 रुपए देने का लालच
वायरल वीडियो में स्कूल के बच्चों द्वारा बताया जा रहा है कि अध्यापक उनसे तिरंगे के लिए 40-50 रुपए मांगे और बच्चों को लालच दिया गया कि तिरंगा लेने वाले बच्चे के खाते में 910 रुपए सरकार द्वारा भेजे जाएंगे। एक छात्र ने यह भी कहा कि अध्यापक से पूछा गया कि खाते में ड्रेस का पैसा नहीं आया तो कहा गया कि जल्द ही आ जाएगा। वहीं इस बारे में प्रधानाध्यापक का कहना है कि यह आरोप गलत है, किसी भी बच्चे से तिरंगे के नाम पर रुपए नहीं लिए गए।












Click it and Unblock the Notifications