भदोही: महिला की गला रेतकर हत्या, पेड़ से लटकता मिला जेठ का शव
भदोही। यूपी के भदोही में एक महिला की गला रेतकर हत्या कर दी गई और उसके जेठ का शव पेड़ से लटकता हुआ मिला। एक ही परिवार में हुई दो मौत के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं, घटना के कारणों की जांच में जुट गई है।

क्या है पूरा मामला
घटना ज्ञानपुर कोतवाली क्षेत्र के जगापुर गांव की है, जहां 45 वर्षीय सुभाष गौतम का शव पेड़ से लटकता हुआ पाया गया। शव को देखकर जब मौके पर भीड़ जमा हुई तो घर के अंदर सुभाष के छोटे भाई की पत्नी राजकुमारी का खून से लतपथ शव मिलने से हड़कंप मच गया। राजकुमारी की हत्या हसिया से गला रेतकर की गई थी। राजकुमारी का पति दिल्ली में रहकर नौकरी करता है और इस समय वह दिल्ली में ही बताया जा रहा है।
हत्या के बाद आत्महत्या का शक
सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस घटना के पीछे के कारणों की तलाश में जुट गई है। मामले में आशंका जताई जा रही है कि जेठ ने पहले अपने छोटे भाई की पत्नी की हत्या की उसके बाद खुद पेड़ पर फांसी लगाकर जान दे दी, लेकिन घटना के पीछे का जो सच है वो पुलिस के जांच के बाद ही सामने आएगा।












Click it and Unblock the Notifications