बनारस में काले झंडे दिखा रहे थे BJP समर्थक, गाड़ी से उतरकर सामने खड़ी हो गईं ममता बनर्जी, देखिए वीडियो
वाराणसी, 03 मार्च: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी का समर्थन कर रही हैं पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने चुनाव प्रचार के लिए बुधवार को वाराणसी पहुंची थीं। इस दौरान जगह-जगह पर उन्हें विरोध का सामना करना पड़ा। बीजेपी समर्थकों ने ममता को काले झंडे भी दिखाए। इस बीच एक वीडियो सामने आया है। इस वीडियो में ममता बनर्जी अपनी गाड़ी उतरकर सड़क पर खड़ी हैं और उनके सामने नारेबारी और हंगामा कर रहे बीजेपी समर्थक हैं। टीएमसी नेता अशोक तंवर ने ये वीडियो शेयर कर बीजेपी पर हमला बोला है। साथ ही, कहा कि यह बताता है कि भाजपाई कितने घबराये हुए हैं।

TMC नेता बोले- यह ममता दीदी का सत्य का बल और तेज है
अशोक तंवर ने वीडियो शेयर करते हुए ट्वीट में लिखा, ''आज वाराणसी (UP) में BJP के कुछ कार्यकर्ताओं ने जिस तरह @MamataOfficial दीदी की गाड़ी रुकवा कर काले झंडे लहराये, वह बताता है कि भाजपाई कितने घबराये हुए हैं! यह ममता दीदी का सत्य का बल और तेज है, कि वे गाड़ी से उतर कर सामने खड़ी हो गईं और कोई कार्यकर्ता पास आने की हिम्मत न कर सका।''

जब नाराज होकर घाट की सीढ़ियों पर बैठीं ममता
बता दें, ममता बनर्जी बुधवार को दशाश्वमेध घाट की आरती देखने भी गई थी। इस दौरान भी बीजेपी समर्थकों ने नारेबाजी की। दशाश्वमेध घाट में आरती स्थल पर ममता बनर्जी के पहुंचते ही बीजेपी के समर्थक 'मोदी-मोदी' का नारा लगाने लगे। इधर, ममता बनर्जी के समर्थक भी ममता दीदी का नारा लगाने लगे। दोनों के समर्थकों के बीच में नारेबाजी हुई। नाराज होकर ममता घाट की सीढ़ियों पर ही बैठ गईं। भीड़ को हटाने के लिए पुलिस को खासी मशक्कत करनी पड़ी।

अखिलेश यादव ने ली चुटकी
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने बीजेपी कार्यकर्ताओं को ममता बनर्जी को काले झंडे दिखाने का आरोप लगाते हुए चुटकी ली है। अखिलेश यादव ने ट्वीट किया, "भाजपा के बिगड़े हालात हैं क्योंकि दीदी-भइया साथ हैं। भाजपा पश्चिम बंगाल में हुई शर्मिंदा हार के सदमे से अभी भी नहीं उबरी है। इसीलिए ममता बनर्जी को बनारस में काले झंडे दिखा रही है। ये भाजपाइयों की हताशा का ही दूसरा रूप है क्योंकि वो जानते हैं कि वो उप्र भी बुरी तरह हार रहे हैं।"












Click it and Unblock the Notifications