Youtube से कमाई के चक्कर में गंवाए लाखों, 50 रुपए के लालच में 76 लाख रुपए की ठगी, आप भी न करें ऐसी गलती
स्मार्टफोन चलाने वाले अधिकतर युवा ऑनलाइन कमाई करने का जरिया तलाशते रहते हैं। इसी ऑनलाइन कमाई के चक्कर में अक्सर देखा जाता है कि ठगों के जाल में फंस कर युवा अपनी गाढ़ी कमाई गंवा देते हैं। ऐसा ही एक मामला वाराणसी से सामने आया है। वाराणसी में ऑनलाइन कमाई के चक्कर में एक युवक के साथ 76 लाख रुपए की ठगी हो गई।
ठगी के मामले में भुक्तभोगी द्वारा पुलिस से शिकायत की गई है, शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर साइबर थाने की पुलिस जांच पड़ताल में जुटी है। वाराणसी का यह पहला मामला नहीं है, इसके पहले भी इस तरह की ठगी की घटनाएं हो चुकी हैं हालांकि इस बार 76 लाख रुपए की ठगी हुई जो काफी अधिक है।

दरअसल, सिंधु नगर कॉलोनी के रहने वाले आनंद गोयल द्वारा बताया गया कि उनके मोबाइल पर एक दिन अनजान व्यक्ति द्वारा व्हाट्सएप मैसेज किया गया। व्हाट्सएप पर मैसेज करने वाले व्यक्ति द्वारा बताया गया कि यूट्यूब पर चैनल सब्सक्राइब करके 50 रुपए प्रति चैनल कमाई की जा सकती है।
आनंद गोयल का कहना है कि मैसेज करने वाले व्यक्ति द्वारा मैसेज में फोन नंबर भी लिखा गया था ऐसे में उन्होंने उसे संपर्क किया। संपर्क करने के बाद एक टेलीग्राम ग्रुप का लिंक भेजकर सामने वाले व्यक्ति ने उस ग्रुप से जुड़ने के लिए कहा। ग्रुप से जुड़ने के बाद मृदुला नामक एक यूट्यूब चैनल को सब्सक्राइब करने का टास्क दिया गया।
चैनल को जब उन्होंने खुद और आने लोगों से सब्सक्राइब करवाया तो उन्हें 50 रुपए मिलते रहे। अगले दिन दूसरे ग्रुप में जोड़ कर उनसे 1000 रुपए की डिमांड की गई। सामने वाले व्यक्ति द्वारा बताया गया कि इसके एवज में 1350 रुपए मिलेंगे। आगे तक मिलता गया वह उस ग्रुप में जुड़ गए और उसी के बताए अनुसार काम करते गए।
आनंद गोयल का कहना है कि उसके बाद सामने वाले ठग द्वारा उनके खाते से पैसा ट्रांसफर कर लिया गया। लगातार कई बार में ठगने उनके खाते से 76 लाख 10 हजार 360 रुपए ट्रांसफर कर लिए। रुपए ट्रांसफर होने के बाद जब उन्होंने अपने अकाउंट काे चेक किया तो उन्हें इसकी जानकारी हुई। उसके बाद उन्हें आभास हुआ कि उनके साथ ठगी हुई है।
आनंद गोयल द्वारा इस मामले में पुलिस अधिकारियों से शिकायत की गई। शिकायत के आधार पर डीआईजी अखिलेश कुमार चौरसिया द्वारा साइबर क्राइम थाने को मुकदमा दर्ज करने का निर्देश दिया गया। ऐसे में आनंद गोयल की तहरीर के आधार पर सारनाथ साइबर क्राइम थाने में मुकदमा दर्ज कर पुलिस जांच पड़ताल में जुटी हुई है।
साइबर एक्सपर्ट का कहना है कि यदि आप भी ऐसी गलती करते हैं और ऑनलाइन पैसा कमाने के चक्कर में किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक करते हैं, तो वह आपके फोन पर या गूगल पर पर सीधे चला जाता है तथा आपको पता भी नहीं चलता और आपके खाते से रुपए कट जाते हैं।
इसके अलावा कई बार ऐसा देखा जाता है कि सामने वाला व्यक्ति आपको कोई टास्क देता है और उस टास्क को कंप्लीट करने पर सामने वाले व्यक्ति द्वारा अच्छा खासा पैसा देने की बात कही जाती है। दो चार बार वह आपके अकाउंट में पैसे ट्रांसफर भी करता है। इस तरह आप को विश्वास में लेने के बाद वह आपके खाते से मोटी रकम उड़ा देता है। ऐसे में अनजान लोगों से सावधान रहना चाहिए।












Click it and Unblock the Notifications