International Yoga Day: बनारस में गंगा की लहरों पर योग, लोगों ने मंदिरों, घाटों और पार्कों में किया योग
International Yoga Day: अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर शुक्रवार को काशी में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। वाराणसी में लोगों ने श्री काशी विश्वनाथ मंदिर, गंगा नदी के किनारे घाटों और शहर में स्थित पार्कों और स्कूल कॉलेजों में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर योग किया।
अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर वाराणसी में 1 लाख से ज्यादा लोगों ने योग किया। सूर्योदय के बाद से ही काशी में लोग जुटने लगे और योग करने के साथ-साथ लोगों को योग के बारे में बताया और योग करके स्वस्थ जीवन जीने का संदेश दिया।

इस दौरान काशी के पंच गंगा घाट पर धीरज गोस्वामी ने गंगा नदी में जलयोग किया। धीरज गोस्वामी वाराणसी में गाइड का काम करते हैं और वाराणसी में गंगा नदी में जल योग करते हुए उन्होंने खुद को इतना अभ्यास कर लिया है कि पानी से ऊपर उछल कर भी योग कर लेते हैं।
अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के मौके पर पंचगंगा घाट पर उन्होंने जब जल योग किया तो उनको देखने के लिए काफी संख्या में लोग एकत्र हो गए। उनके जल योग करने की कला को देखकर लोग मोबाइल में फोटो और वीडियो बनाने लगे।
इसी तरह काशी के अन्य घाटों पर भी अलग-अलग तरीके से लोगों ने योग किया। वाराणसी के श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में जिला प्रशासन की ओर से योग दिवस का मुख्य आयोजन किया गया था। इस कार्यक्रम में ऊर्जा मंत्री एके शर्मा मौजूद रहे।
इसी तरह वाराणसी के 694 ग्राम पंचायतों के पंचायत भवन और सार्वजनिक भवन पर ग्रामीणों ने योग किया। इसके अलावा वाराणसी विकास प्राधिकरण के अंतर्गत आने वाले 100 पार्कों में भी लोगों ने अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर योग किया।
इसके अलावा काशी हिंदू विश्वविद्यालय, महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ, संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय, यूपी कॉलेज, डॉ भीमराव अंबेडकर क्रीड़ा संकुल लालपुर, वाराणसी बिजली विभाग कार्यालय, वाराणसी के कैंट में स्थित प्रधान डाकघर में भी योग का कार्यक्रम आयोजित किया गया।












Click it and Unblock the Notifications