International Stadium के लिए छूट्टी के दिन भी हुई भूमि की रजिस्ट्री, जल्द शुरू होगा काम
वाराणसी जिले के राजातालाब तहसील क्षेत्र के गंजारी ग्राम सभा में International Stadium बनाने के किसानों की भूमि की रजिस्ट्री शुरू हो चुकी है, अधिकारियों का कहना है जल्द ही निर्माण कार्य शुरू होगा
वाराणसी के राजातालाब तहसील अंतर्गत गंजारी गांव में International Stadium बनाया जाना है। पूर्व में खेल मंत्रालय की मुहर लग जाने के बाद भूमि सीमांकन आदि का कार्य पूरा कर लिया गया था और अब International Stadium में जाने वाली किसानों की भूमि की रजिस्ट्री भी शनिवार से शुरू कर दी गई है। रविवार को भी छूट्टी का दिन होने के बावजूद भी राजातालाब तहसील में International Stadium के लिए किसानों की भूमि की रजिस्ट्री का कार्य किया गया। इससे इस बात का अंदाजा लगाया जा सकता है कि गंजारी गांव में आगामी कुछ वर्षों में ही International Stadium बनकर तैयार हो जाएगा।

32 एकड़ भूमि में बनाया जाएगा स्टेडियम
योगी सरकार द्वारा वाराणसी में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम को बनाने के लिए 95 करोड़ के बजट की पूर्व में ही घोषणा की जा चुकी है। सरकार द्वारा बजट की घोषणा किए जाने के बाद गंजारी के अलावा सेहमलपुर और पिंडरा क्षेत्र में भी भूमि देखी गई। बाद में खेल मंत्री अनुराग ठाकुर और बीसीसीआई के सचिव जय शाह, उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला और यूपीसीए की टीम ने निरीक्षण के दौरान गंजारी गांव का चयन करते हुए गांव में स्टेडियम बनाने के लिए सहमति दी थी। गंजारी गांव में 32 एकड़ भूमि में स्टेडियम बनाया जाना है। इसके लिए उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन द्वारा पूर्व में सर्वे भी कराया गया था।

रिंग रोड के चलते आवागमन में होगी आसानी
गंजारी गांव रिंग रोड के किनारे स्थित है ऐसे में स्टेडियम तक लोगों को आने जाने में काफी आसानी होगी। वाराणसी के अलावा मिर्जापुर, सोनभद्र, गाजीपुर, आजमगढ़, भदोही, प्रयागराज, जौनपुर सहित अन्य जनपदों और बिहार तथा मध्य प्रदेश राज्य के लोगों का भी आवागमन आसानी से हो सकेगा। इसके अलावा गंजारी गांव में पहले से ही 14 एकड़ सरकारी भूमि होने के साथ सरकार को कम भूमि क्रय करना पड़ेगा। इन्हीं सब बातों को ध्याने में रखते हुए गंजारी गांव में स्टेडियम बनाने के लिए मंजूरी दी गई।

लोगों को मिलेगा रोजगार, क्षेत्र का होगा विकास
वाराणसी के गंजारी गांव में अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम बनाए जाने के बाद वाराणसी ही नहीं आसपास के जनपदों को भी इसका लाभ मिलेगा। स्टेडियम में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच भी होगा। ऐसे में क्रिकेट मैच देखने के लिए देश विदेश से काफी संख्या में दर्शक भी आएंगे। दर्शकों को ठहरने के लिए वाराणसी रिंग रोड के आसपास होटल और गेस्ट हाउस आदि का निर्माण होने के बाद रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे। ग्रामीणों का कहना है कि स्टेडियम बन जाने के बाद पूरे जिले का तेजी से विकास होगा।












Click it and Unblock the Notifications