India Pakistan Updates: अजय राय ने सैनिकों के जज्बे को किया सलाम, पाकिस्तान की हरकतों पर की कड़ी निंदा
India Pakistan Updates: उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने भारतीय सेना के जज्बे को सलाम करते हुए कहा कि हमारे जांबाज सैनिक हर मुश्किल में देश की हिफाजत में डटे हैं। उन्होंने कहा कि सेना की ताकत और हिम्मत पर पूरा देश गर्व करता है और हर नागरिक उनकी सलामती की दुआ कर रहा है।
अजय राय ने पाकिस्तान की ओर से हो रही आतंकवादी गतिविधियों की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि पड़ोसी मुल्क बार-बार कायराना हरकतों से अपनी नीयत दिखा रहा है। उन्होंने पहलगाम में हुए हालिया आतंकी हमले को न सिर्फ निर्दयी, बल्कि पूरे देश को झकझोर देने वाली घटना बताया।

कांग्रेस नेता ने भरोसा जताया कि भारत की सेना हर बार की तरह इस बार भी अपने दमखम से दुश्मनों के मंसूबों को नाकाम कर देगी। राय ने कहा कि हमारी सेना बहादुरी से मोर्चा संभाले हुए है और निश्चित तौर पर जीत हमारी होगी।
पाकिस्तान की चालों पर कांग्रेस नेता का करारा हमला
अजय राय ने पाकिस्तान पर आतंकवाद को पनाह देने का गंभीर आरोप लगाया और कहा कि धार्मिक स्थल से लेकर स्कूल और कॉलेज तक आतंकियों के निशाने पर हैं। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान की यह नीति सिर्फ कायरता को दर्शाती है और इससे उसका असली चेहरा दुनिया के सामने आ चुका है।
उन्होंने कहा कि भारत हमेशा से शांति और बातचीत का पक्षधर रहा है, लेकिन पाकिस्तान की जिद और आतंक के समर्थन ने हालात को बिगाड़ दिया है। राय ने मांग की कि पाकिस्तानी मीडिया के झूठे प्रचार और फर्जी खबरों पर सख्त रोक लगाई जानी चाहिए।
सेना ने हर मोर्चे पर दिखाई ताकत
गौरतलब है कि 6 और 7 मई की रात को भारतीय सेना के ऑपरेशन सिंदूर के बाद सीमा पर तनाव चरम पर पहुंच गया है। पाकिस्तान की ओर से लगातार नागरिक इलाकों में गोलाबारी और ड्रोन हमले किए जा रहे हैं, लेकिन भारतीय सेना ने हर हमले का मुंहतोड़ जवाब दिया है।
भारतीय सेना के एयर डिफेंस सिस्टम ने दुश्मन के ड्रोन हमलों को नाकाम कर दिया है। सरकार ने भी पाकिस्तान पर तनाव भड़काने और उकसावे की नीति अपनाने का आरोप लगाया है। सेना और सरकार दोनों ही मिलकर सुरक्षा के मोर्चे पर सतर्कता बरत रहे हैं।
देशवासियों का भरोसा सेना के साथ
अजय राय ने कहा कि ऐसे वक्त में पूरा देश सेना के साथ खड़ा है। उन्होंने कहा कि चाहे सत्ताधारी पार्टी हो या विपक्ष, हर कोई सैनिकों के हौसले और जज्बे का समर्थन कर रहा है।
उन्होंने देशवासियों से अपील की कि वे अफवाहों से बचें और सेना पर भरोसा रखें। राय ने कहा कि जब तक हमारे जवान सीमा पर डटे हैं, भारत की तरफ कोई भी आंख उठाकर नहीं देख सकता।












Click it and Unblock the Notifications