india@75 : सुबह 9 बजे 52 सेकंड के लिए थम सा गया बनारस, देखें तस्वीरें
वाराणसी में आजादी के अमृत महोत्सव के तहत धूमधाम से मनाया गया india@75 स्वतंत्रता दिवस, सुबह 9 बजे 52 सेकंड के लिए थम सा गया बनारस। वाराणसी एयरपोर्ट पर निदेशक ने किया झंडारोहण
वाराणसी, 15 अगस्त : स्वतंत्रता दिवस पर सोमवार सुबह 9:00 बजे वाराणसी में यातायात पूरी तरह से थम गया। जो जहां था वहीं पर सावधान मुद्रा में खड़ा हो गया। चौराहों पर लगे ट्रैफिक सिग्नल को रेड कर दिया गया, मौजूद पुलिसकर्मियों ने भी राष्ट्रगान किया इस दौरान काफी संख्या में लोग अपने वाहनों से उतरकर सावधान मुद्रा में खड़े होकर राष्ट्रगान किये। जिले के लहुराबीर, गिरजाघर, सिगरा, मैदागिन, मलदहिया, रथयात्रा, लंका, रिंग रोड, बाबतपुर सहित अन्य चौराहे पर अद्भुत नजारा दिखा। कई चौराहों पर ऑटो रिक्शा में बैठे लोग भी ऑटो रिक्शा से बाहर उतरकर सावधान मुद्रा में खड़े होकर राष्ट्रगान किए। वहीं जो अधिकारी कर्मचारी जहां थे वहीं सावधान मुद्रा में खड़े नजर आए। आजादी का जश्न मनाने के लिए 52 सेकेंड तक बनारस पूरी तरह ठहर गया।

जोन कार्यालय वाराणसी में किया गया ध्वजारोहण
75 वें स्वतन्त्रता दिवस के शुभ अवसर पर अपर पुलिस महानिदेशक वाराणसी जोन वाराणसी राम कुमार द्वारा जोन कार्यालय में ध्वजारोहण के उपरान्त सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को सत्यनिष्ठा पूर्वक अपने दायित्वों व कर्तव्यों के निर्वहन हेतु प्रेरित किया गया। उन्होंने कहा कि पुलिस बल एक अनुशासित बल है जिसके कन्धों पर बहुत सारी जिम्मेदारियां होती हैं। हम सबको चुनौतीपूर्ण दायित्वों को पूर्ण जिम्मेदारी के साथ निभाना होता है।

कलेक्ट्रेट में जिलाधिकारी ने किया झंडारोहण
वाराणसी के जिलाधिकारी कौशल राज शर्मा ने अपने कैंप कार्यालय और कलेक्ट्रेट में झंडारोहण किया। इस दौरान काफी संख्या स्थानीय लोग तथा अधिकारी भी मौजूद रहे। वहां पर झंडारोहण करने के साथ ही उन्होंने जनपदवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामना दी।

पुलिस लाइन गेट पर राष्ट्रगान
स्वतंत्रता दिवस पर आयोजित कार्यक्रम के बाद पुलिस लाइन के प्रवेश द्वार से जैसे ही पुलिस आयुक्त ए सतीश गणेश बाहर निकले उस समय 9 बज चुके थे। पुलिस आयुक्त तुरंत अपने वाहन से नीचे उतर गए और वहां मौजूद सभी के लोगों के साथ पुलिस लाइन गेट पर ही उन्होंने राष्ट्रगान किया।

पुलिस आयुक्त कार्यालय पर झंडारोहण
अपर पुलिस आयुक्त मुख्यालय एवं अपराध द्वारा 75वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पुलिस कार्यालय कमिश्नरेट वाराणसी पर अपर पुलिस आयुक्त (क्राइम/हेडक्वार्टर) संतोष कुमार सिंह ने ध्वजारोहण किया गया। इस दौरान वहां पर उपस्थित समस्त अधिकारियों और कर्मचारियों को सत्यनिष्ठा एवं ईमानदारी से अपने कर्तव्यों को निर्वहन करने हेतु प्रेरित करते हुये शपथ दिलाई गई एवं स्वतंत्रता दिवस की बधाई भी दी गई।

रुद्राक्ष कन्वेंशन सेंटर में हुआ ध्वाजारोहण
वाराणसी के सिगरा में स्थित रुद्राक्ष इंटरनेशनल कन्वेंशन सेंटर में नगर आयुक्त प्रणय सिंह ने ध्वजारोहण किया। इस दौरान वहां काफी संख्या में अन्य लोग भी मौजूद रहे। नगर आयुक्त ने झंडारोहण करने के बाद नगरवासियों से अपील की कि शहर को साफ रखने में नगर निगम का सहयोग करें।

एयरपोर्ट पर निदेशक ने किया ध्वाजारोहण
लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय विमानतल पर प्रातः 09:30 पर निदेशक विमानपत्तन अर्यमा सान्याल द्वारा ध्वजारोहण किया गया एवं आजादी के अमृत महोत्सव के पर्व पर जनमानस को संबोधित किया गया। ध्वजारोहण कार्यक्रम के दौरान एयरपोर्ट पर कार्यरत भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण , सीआईएसएफ एवं सभी एजेंसियाें के अधिकारी कर्मचारी भी मौजूद रहे। इसके पश्चात स्पाइसजेट के कार्मिकों द्वारा देशभक्ति गीत की सुंदर प्रस्तुति की गई।












Click it and Unblock the Notifications