Varanasi Airport: कोहरे के कारण आधा दर्जन उड़ानें रद्द, 25 मिनट तक आसमान में चक्कर लगाता रहा विमान
मंगलवार को वाराणसी में घना कोहरा पड़ने के चलते दृश्यता काफी कम हो गई जिसके चलते वाराणसी के लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर आधा दर्जन विमानों को निरस्त कर दिया गया।

वाराणसी समेत पूरे पूर्वांचल में मंगलवार को सुबह में घना कोहरा छाया रहा। सुबह में दृश्यता 50 मीटर से भी कम होने के चलते हाईवे पर जहां वाहन चालकों को समस्याओं का सामना करना पड़ा, वहीं हवाई यातायात भी प्रभावित रहा। Varanasi Airport पर दोपहर बाद विमानों का आवागमन प्रारंभ हुआ। पहला विमान दोपहर 1:26 बजे वाराणसी एयरपोर्ट पर पहुंचा। मौसम सामान्य होने के बाद विमानों का आवागमन प्रारंभ हुआ लेकिन शाम होते ही फिर कोहरा ने असर दिखाना शुरू कर दिया। जिसके चलते आधा दर्जन विमान सेवाओं को निरस्त कर दिया गया। इसके अलावा दर्जन भर विमान विलंबित रहे।
Recommended Video


2 घंटे विलंब से आया पहला विमान
हैदराबाद से वाराणसी आने वाला इंडिगो एयरलाइंस का विमान अपने निर्धारित समय एक 11:25 बजे की जगह दो घंटे विलंब से 1:26 बजे वाराणसी एयरपोर्ट पर पहुंचा। विमान 1:00 बजे वाराणसी हवाई क्षेत्र में पहुंच गया था लेकिन दृश्यता कम होने के चलते विमान को उतरने की इजाजत नहीं दी गई। ऐसे में 25 मिनट तक विमान हवा में चक्कर लगाता रहा, उसके बाद मौसम सामान्य होने पर वाराणसी एयरपोर्ट पर विमान की लैंडिंग कराई गई। दोपहर तक वाराणसी एयरपोर्ट पर विमानों का आवागमन ना होने के चलते सन्नाटा पसरा रहा। विमानों से आने वाले यात्रियों के परिजन जहां इंतजार में बैठे रहे वहीं विमानों से जाने वाली पैसेंजर भी विमान के आने का इंतजार करते रहे।

विमानन कंपनियों द्वारा यात्रियों को दी गई सूचना
वाराणसी एयरपोर्ट निदेशक अर्यमा सान्याल द्वारा बताया गया कि वाराणसी एयरपोर्ट से संचालित होने वाले आधा दर्जन विमान मंगलवार को घने कोहरे के चलते निरस्त कर दिए गए। विमान निरस्त होने की सूचना टिकट बुकिंग करा चुके यात्रियों को उनके द्वारा दर्ज किए गए ईमेल व मोबाइल नंबर पर मैसेज भेज कर दी गई। उन्होंने यह भी कहा कि जो भी विमान विलंबित हुए उन विमानों से जाने वाले यात्रियों को एविएशन के नियमानुसार सुविधाएं प्रदान की गई। वाराणसी एयरपोर्ट के फ्लाइट इंफॉर्मेशन डिस्प्ले बोर्ड पर विमानों की सूचनाएं प्रसारित की जाती रहीं। कुछ यात्रियों द्वारा विमान विलंबित होने पर नाराजगी व्यक्त की गई हालांकि उन्हें समझा कर शांत कर लिया गया।

दो से तीन घंटे विलंबित रहे विमान
एयरपोर्ट निदेशक द्वारा जारी सूचना में बताया गया कि दिल्ली, मुंबई, हैदराबाद, बेंगलुरु, शारजाह, कोलकाता व अन्य एयरपोर्ट से आने वाले एयर इंडिया, इंडिगो, एयर इंडिया एक्सप्रेस, विस्तारा, गो फर्स्ट और स्पाइसजेट आदि विमानन कंपनियों के कुल मिलाकर दर्जन भर विमान 2 से 3 घंटे के विलंब से वाराणसी के लाल बहादुर शास्त्री अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पहुंचे।

इन विमानों को किया गया निरस्त
इंडिगो एयरलाइंस 6ई 7972 भुवनेश्वर-वाराणसी
इंडिगो एयरलाइंस 6ई968 बेंगलुरु-वाराणसी
इंडिगो एयरलाइंस 6ई783 हैदराबाद-वाराणसी
इंडिगो एयरलाइंस 6ई5208 मुंबई-वाराणसी
स्पाइसजेट एयरलाइंस एसजी 958 दिल्ली-वाराणसी
गो फर्स्ट एयरलाइंस जी8 201 मुंबई-वाराणसी












Click it and Unblock the Notifications