ज्ञानवापी केस में कोर्ट के फैसले के बाद अब क्या होगा? किस-किस जगह का किया जाएगा सर्वे
ज्ञानवापी मामले में वाराणसी की अदालत ने ASI सर्वे की इजाजत दे दी है। जिसके बाद से हिंदू पक्ष में खुशी का माहौल है, जबकि मुस्लिम पक्ष ने हाईकोर्ट जाने की बात कही है। कोर्ट के आदेश के बाद सवाल ये उठ रहा कि ज्ञानवापी परिसर में किन-किन जगहों का सर्वे किया जाएगा?
कोर्ट के आदेश के मुताबिक कवर एरिया को छोड़कर पूरे परिसर का सर्वे होगा। कवर एरिया वजूखाना है, उसी को लेकर असली विवाद है। हिंदू पक्ष का दावा है कि वजूखाने में शिवलिंग है, जो काफी पुराना है, जबकि मुस्लिम पक्ष उसे फव्वारा बता रहा।

मामले में हिंदू पक्ष के वकील ने बताया कि मस्जिद में मौजूद सारी दीवार, तहखाने, छत, गुंबद आदि का वैज्ञानिक सर्वे किया जाएगा। सिर्फ कवर एरिया को छूट मिली है। उन्होंने कहा कि पश्चिमी द्वार से लेकर पूर्वी एरिया तक जांच होगी। चबूतरे की भी जांच की जाएगी। वहां पर कुछ खंडहरनुमा चीज है, उसकी भी जांच होगी।
उन्होंने आगे कहा कि तहखाने में जाने का रास्ता नहीं है। चार तहखाने में वो पिछले कोर्ट कमिश्नर सर्वे के दौरान गए थे, लेकिन पांचवें तहखाने में नहीं पहुंच पाए थे।
मुस्लिम पक्ष करता रहा विरोध
वहीं दूसरी ओर मुस्लिम पक्ष के वकील लगातार ये मांग करते रहे कि मस्जिद में सर्वे नहीं किया जाए, लेकिन कोर्ट ने उनकी मांग को दरकिनार कर दिया। साथ ही ASI को सर्वे करने को कहा। इसकी रिपोर्ट 4 अगस्त तक जमा करनी है। हालांकि मुस्लिम पक्ष हाईकोर्ट जाने की बात कर रहा।
तीन अहम शर्तें
-सर्वे सुबह 8 से 12 के बीच होगा।
-मुस्लिम पक्ष नमाज पढ़ सकता है।
-सर्वे के वक्त ये ध्यान रखा जाए कि परिसर में किसी भी चीज को नुकसान ना पहुंचे।
मई में डाली गई थी याचिका
आपको बता दें कि चारों वादी महिलाओं की ओर से वाराणसी कोर्ट में इस साल 16 मई को याचिका डाली गई थी। जिसमें विवादित हिस्से को छोड़कर परिसर का सर्वे करवाने की मांग की गई। इस पर 14 जुलाई को सुनवाई पूरी हो गई थी। अब कोर्ट ने फैसला सुनाया है।












Click it and Unblock the Notifications