Ganga Vilas Cruise को लेकर अखिलेश यादव का ट्वीट, तीर्थनगरी को पर्यटन नगरी बनाने पर तुली है सरकार
गंगा विलास क्रूज को शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हरी झंडी दिखाकर वाराणसी से डिब्रूगढ़ के लिए रवाना करेंगे। क्रूज का शुभारंभ होने से पहले ही इसे लेकर राजनीति गर्म हो गई है।

वाराणसी से 33 स्विस पर्यटकों को लेकर Ganga Vilas Cruise शुक्रवार को डिब्रूगढ़ के लिए रवाना होगा। वाराणसी से डिब्रूगढ़ के बीच संचालित होने वाले दुनिया के सबसे लंबे क्रूज़ का शुभारंभ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा किया जाएगा। जिसे लेकर तैयारियां तेजी से चल रही हैं। वहीं क्रूज़ सेवा प्रारंभ होने से पहले ही क्रूज को लेकर राजनीति गर्म हो गई है। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और यूपी के पूर्व सीएम अखिलेश यादव द्वारा इस क्रूज सेवा को लेकर सवाल उठाए गए हैं।

धार्मिक स्थल को पर्यटन स्थल बनाना निंदनीय
अखिलेश यादव ने गंगा विलास क्रूज को लेकर बुधवार को शाम का ट्वीट करते हुए इस पर नाराजगी जाहिर की। अखिलेश यादव ने लिखा कि "अब क्या भाजपा नाविकों का रोज़गार भी छीनेगी। भाजपा की धार्मिक स्थलों को पर्यटन स्थल बनाकर पैसे कमाने की नीति निंदनीय है। पूरी दुनिया से लोग काशी का आध्यात्मिक वैभव अनुभूत करने आते है; विलास-विहार के लिए नहीं। भाजपा बाहरी चकाचौंध से असल मुद्दों के अंधेरों को अब और नहीं ढक पायेगी।" इसी तरह समाजवादी पार्टी के प्रवक्ता मनोज राय धूपचंडी द्वारा लिखा गया है कि "मां गंगा को साफ करने के नाम पर सत्ता में आई भाजपा गंगा पुत्रों के रोजगार को छीनने में जुट गई है और 5 हजार साल पुराने शहर काशी के धार्मिक/आध्यात्मिक और पौराणिक स्वरूप को बदल कर तीर्थ नगरी को पर्यटन नगरी बनाने पर तुली हुई है।" मनोज राय धूपचंडी का कहना है कि क्रूज सेवा प्रारंभ होने के बाद गंगा नदी में नाव चलाने नाविकों को नुकसान होगा।

दो साल तक क्रूज की हो चुकी है एडवांस बुकिंग
आगामी 13 जनवरी को वाराणसी से डिब्रूगढ़ के लिए रवाना होने वाले गंगा विलास क्रूज की दो साल की एडवांस बुकिंग स्विस पर्यटकों द्वारा करा लिया गया है। वाराणसी से प्रस्थान होने वाला यह क्रूज देश के 5 राज्यों और बांग्लादेश से होते हुए डिब्रूगढ़ पहुंचेगा। रास्ते में धार्मिक, ऐतिहासिक और पुरातात्विक स्थलों पर क्रूज का ठहराव होगा और पर्यटक उपरोक्त स्थलों पर भ्रमण करते हुए डिब्रूगढ़ तक पहुंचेंगे। गंगा विलास क्रूज में स्पा, रेस्टोरेंट्स, जिम और बालकनी सहित कई अन्य सुविधाएं भी हैं।

गुरुवार को काशी विश्वनाथ धाम में संगीत उत्सव का आयोजन
यह भी बता दें कि 13 जनवरी को यह क्रूज वाराणसी से डिब्रूगढ़ के लिए रवाना होगा। क्रूज के रवानगी से पूर्व गुरुवार को सायं काल श्री काशी विश्वनाथ धाम में संगीत उत्सव का आयोजन होगा। सांस्कृतिक मंत्रालय उत्तर प्रदेश के द्वारा आयोजित होने वाला यह कार्यक्रम श्री काशी विश्वनाथ धाम में गुरुवार शाम 7:00 बजे से प्रारंभ होगा जो एक घंटे तक चलेगा। इसके बाद शुक्रवार को सुबह करीब 10:00 बजे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वाराणसी के रविदास घाट से इस क्रूज को डिब्रूगढ़ के लिए रवाना करेंगे। वाराणसी से ग्रुप में सवार होकर जाने वाले 33 स्विस पर्यटकों का दल मंगलवार को दोपहर में ही वाराणसी आ गया था। बुधवार को पर्यटकों का समूह मिर्जापुर स्थित चुनार किला में भ्रमण किया।
Recommended Video













Click it and Unblock the Notifications