भदोही के बाद अब वाराणसी में भी 'गुफानुमा' पंडाल में लगी आग, बड़ा हादसा टला
भदोही में रविवार की रात में दुर्गा पूजा पंडाल में आग लगने की घटना के बाद अब वाराणसी में भी एक गुफानुमा पंडाल में आग लग गई, हालांकि वहां पर मौजूद लोगों ने आग पर तुरंत काबू पा लिया
वाराणसी, 03 अक्टूबर : भदोही में रविवार की रात में दुर्गा पूजा पंडाल में आग लगने के चलते 5 लोगों की मौत हो गई जबकि 5 दर्जन से अधिक लोग अभी भी अस्पताल में भर्ती हैं और उनका उपचार चल रहा है। इस घटना को लेकर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी अलर्ट हैं। इधर सोमवार को दोपहर में वाराणसी के चेतगंज में गुफानुमा बने एक पूजा पंडाल में भी आग लग गई। संयोग अच्छा था कि दोपहर का समय होने के चलते वहां केवल समिति के लोग ही मौजूद थे। आग लगने की जानकारी मिलने के बाद समिति के लोगों ने तत्काल आग पर काबू पा लिया। हालांकि आग लगने के चलते पूरे पंडाल में धुआं भर गया था। समिति के लोगों द्वारा बताया गया कि पुलिस और प्रशासन द्वारा जारी गाइड लाइन के अनुसार पंडाल में सभी प्रकार की व्यवस्था की गई है।

गुफानुमा पंडाल में बनाए गए थे दो रास्ते
पुलिस प्रशासन द्वारा जारी गाइडलाइन में स्पष्ट रूप से बताया गया है कि गुफानुमा पंडाल न बनाया जाए, साथ ही सुरक्षा मानकों का ध्यान दिया जाय। यह भी निर्देश दिया गया है कि पंडाल में द्वार बड़े बनाए जाएं जिससे किसी विषम परिस्थिति या भगदड़ की स्थिति में लोग आसानी से बाहर निकल सकें। लेकिन चेतगंज में बनाए गए इस पूजा पंडाल में केवल दो रास्ते थे। बताया जा रहा है कि घटना के बाद पुलिस द्वारा मौके पर पहुंचकर हाइलोजन को कपड़े व अन्य सामग्रियों से दूर कराया गया। आग लगने की घटना के बारे में पूछने पर समिति के लोग स्पष्ट रूप से कोई जवाब नहीं दिए।

गुफानुमा पंडाल में प्रवेश पर लगाई गई रोक
भदोही की घटना को देखते हुए वाराणसी कमिश्नरेट पुलिस द्वारा वाराणसी जिले में मां वैष्णो देवी और अमरनाथ की गुफा व सुरंगनुमा प्रवेश द्वार या गुफानुमा बनाए गए पंडालों में प्रवेश पर रोक लगा दिया गया है। पुलिस का कहना है कि ऐसे पंडालों में श्रद्धालुओं के प्रवेश करने और निकास के लिए बनाए गए द्वार को बड़ा बनाए जाने के साथ ही आपातकालीन द्वार भी बनाया जाय, उसके बाद ही श्रद्धालुओं को ऐसे पंडालों में प्रवेश दिया जाए। यदि नियम का पालन नहीं किया जाएगा तो पुलिस द्वारा पंडाल बनवाने वाले समिति के लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

जिले भर के पंडालों में की गई जांच
भदोही की घटना के बाद वाराणसी कमिश्नरेट और वाराणसी ग्रामीण क्षेत्र के सभी थानों की पुलिस द्वारा अपने-अपने थाना क्षेत्र के अंतर्गत बनाए गए पूजा पंडालों का निरीक्षण किया गया। इस दौरान वहां पर फायर उपकरण, बालू सहित अन्य महत्वपूर्ण उपकरणों और सामग्रियों की उपलब्धता जांची गई। इसके अलावा प्रवेश और निकास द्वार के बारे में भी जानकारी ली गई। समितियों को निर्देशित किया गया कि कपड़ों या तीव्र गति से आग पकड़ने वाली सामग्रियों के समीप में हाइलोजन न लगाया जाय।












Click it and Unblock the Notifications