Kota Patna Express में पकड़ा गया फर्जी टीटीई, यात्रियों से बोला- Video बनाकर यूट्यूब पर डाल देना
Kota Patna Express में यात्रियों का टिकट चेक कर रहे फर्जी टीटीई को यात्रियों ने पकड़ लिया, जीआरपी द्वारा उससे पूछताछ की जा रही है
Kota Patna Express में गुरुवार को सफर कर रहे यात्रियों का टिकट चेक कर रहे एक फर्जी टीटीई को यात्रियों ने बंधक बना लिया। वाराणसी कैंट स्टेशन पर जब ट्रेन पहुंची तो यात्रियों के कब्जे से फर्जी टीटीई को मुक्त कराने के बाद जीआरपी ने उसे हिरासत में ले लिया। पकड़े गए टीटीई से पूछताछ की जा रही है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि पूछताछ और जांच पड़ताल करने के बाद उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

सुल्तानपुर से ट्रेन में हुआ था सवार
जानकारी अनुसार कोटा पटना एक्सप्रेस में गुरुवार को सुल्तानपुर से मोहम्मद यूसुफ नामक एक युवक सवार हुआ। वह युवक अपने गले में आईआरसीटीसी प्रिंटेड रिबन लगा हुआ एक कार्ड होल्डर लटकाए हुए था। ट्रेन में सवार होने के बाद वह जनरल बोगी में सवार रेल यात्रियों का टिकट चेक करने लगा। उसकी हरकतों को देखकर यात्रियों को उस पर संदेह हुआ। इस दौरान बोगी में सवार यात्रियों द्वारा उससे उसका पहचान पत्र मांगा गया। कार्ड होल्डर में वह आई कार्ड की जगह वह अपना आधार कार्ड रखा हुआ था। ऐसे में शक गहरा गया और यात्री उससे कड़ाई से पूछताछ करते हुए वीडियो बनाने लगे।

नशे में प्रतीत हो रहा था फर्जी टीटीई
यात्रियों ने बताया कि पकड़ा गया फर्जी टीटीई नशे में लग रहा था और वह खुद को सुल्तानपुर का निवासी बता रहा था। यात्री जब उसका तथा उसके पास मिले आधार कार्ड का फोटो और वीडियो बनाने लगे तो वह वीडियो को वायरल करने की धमकी भी देने लगा। उसके बाद यात्री उसे पकड़ लिए और ट्रेन में से ही 182 नंबर डायल करके कंट्रोल रूम को सूचना दिए। सूचना मिलने के बाद वाराणसी के कैंट रेलवे स्टेशन पर जीआरपी के जवान सक्रिय हो गए और कैंट स्टेशन पर ट्रेन पहुंचने के बाद फर्जी टीटीई को हिरासत में ले लिए।

अधिकारी बोले की जाएगी आवश्यक कार्रवाई
इस बारे में जीआरपी कैंट के इंस्पेक्टर हेमंत कुमार सिंह से बात किया गया तो उन्होंने कहा कि ट्रेन में सवार यात्रियों की सूचना पर सुल्तानपुर के शास्त्रीनगर निवासी मोहम्मद यूसुफ नामक युवक को पकड़ा गया है। उसके पास से आधार कार्ड और अन्य कागजात मिले हुए हैं। पकड़े गए युवक से पूछताछ की जा रही है। लिखा पढ़ी करने के बाद पकड़े गए युवक को सुल्तानपुर जीआरपी के हवाले कर दिया जाएगा, जहां उसके खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।












Click it and Unblock the Notifications