बकरीद पर्व पर दो साल बाद लौटी रौनक, ईदगाहों के बाहर मेले जैसा माहौल
वाराणसी में धूमधाम से मनाया गया बकरीद का पर्व, ईदगाहों के बाहर देखने को मिला मेले जैसा माहौल
वाराणसी, 10 जुलाई : वैश्विक महामारी कोरोना के चलते पिछले दो साल बकरीद पर्व धूमधाम से नहीं मनाया जा सका। हालांकि इस बार बकरीद पर्व पर कोरोना का असर देखने को नहीं मिला और काशी के मस्जिदों में पूरी अकीदत के साथ इस पर्व को मनाया गया। नमाज अदा करके मुल्क में खुशहाली और अमन चैन बनाए रखने के लिये दुआ की गयी और एक दूसरे से गले मिल कर ईद-उल-अजहा पर्व की मुकारकबाद भी दी गयी।
बकरीद पर्व को देखते हुए वाराणसी के शहर और ग्रामीण क्षेत्र के मस्जिद और ईदगाह पर आज सुबह से भीड़ देखने को मिली। मस्जिदों के बाहर सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिये पुलिसकर्मियों की भी तैनाती की गयी थी।

सुबह 6 बजे शुरू हुआ नमााज का सिलसिला
वाराणसी जिले के मस्जिदों और ईदगाहों में सुबह छह बजे नमाज का सिलसिला शुरू हो गया था। ईदगाहों के बाहर मेले जैसा माहौल देखने को मिला। सुबह से ही नए परिधान पहन कर मस्जिदों में नमाज अदा करने के लिये लोग पहुंचने लगे थे वहीं बच्चों में भी गजब का उत्साह देखने को मिला। जिले में सदर इमामबाड़ा लाटसरैया और दरगाहे फातमान लल्लापुरा में सर्वाधिक भीड़ देखने को मिली।
गांव से लेकर शहर तक सुबह से सक्रिय रही पुलिस
बकरीद पर्व पर सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिये वाराणसी कमिश्नरेट और वाराणसी ग्रामीण पुलिस अलसुबह से ही सक्रिय नजर आयी। मिश्रित आबादी वाले संवेदनशील क्षेत्रों में ड्रोन कैमरों का इस्तेमाल कर निगरानी की गयी। वहीं लोकल इंटेलिजेंस यूनिट की टीम द्वारा भी संवेदनशील इलाकों में निगरानी की गयी। सोशल मीडिया पर कोई भी व्यक्ति भड़काऊ पोस्ट वायरल न करने पाये इसके लिये सोशल मीडिया सेल द्वारा भी सभी प्लेटाफार्म पर सतर्क दृष्टी रखी गयी।

अधिकारियों ने दी बकरीद की बधाई
पुलिस कमिश्नर ए. सतीश गणेश, जिलाधिकारी कौशल राज शर्मा और पुलिस अधीक्षक वाराणसी ग्रामीण सुर्यकांत त्रिपाठी द्वारा बकरीद की मुबारकबाद दी गयी और शांतिपूर्ण तरीके से बकरीद मनाने की अपील भी की गयी। अधकारियों ने कहा कि किसी भी प्रकार के अफवाह में न पड़ते हुए आपसी भाईचारे के साथ बकरीद का पर्व मनाएं। यदि कहीं भी कोई समस्या या अफवाह की जानकारी हो तो इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दें।
ये भी पढ़ें - देशभर में धूमधाम से मनाया जा रहा बकरीद का त्योहार, लखनऊ में धारा 144 लागू












Click it and Unblock the Notifications