गुड़िया, गुड्डी और पूजा का 'हसबैंड' बताने वाला शख्स आपको कर सकता है बर्बाद, रहें सावधान
वर्तमान समय में साइबर ठगी के मामले लगातार सामने आ रहे हैं, ठगों द्वारा लोगों को अपना शिकार बनाने के लिए आए दिन नए-नए तरीके अपनाए जा रहे हैं
वर्तमान समय में साइबर ठगी के मामले लगातार सामने आ रहे हैं, ठगों द्वारा लोगों को अपना शिकार बनाने के लिए आए दिन नए-नए तरीके अपनाए जा रहे हैं। ऐसा ही एक नया मामला सामने आया है, जिसमें ठग द्वारा फोन करके लोगों को अपना रिश्तेदार बताते हुए उनसे पैसे और आईडी की मांग की जा रही है। ऐसे मामलों को लेकर पुलिस द्वारा सतर्क रहने के निर्देश जारी किए गए हैं। साइबर पुलिस का कहना है कि किसी भी अनजान व्यक्ति को अपने आईडी व अन्य कागजात न भेजे हैं तथा उनके द्वारा भेजे गए लिंक पर भी न क्लिक करें। यदि आप ऐसा करते हैं तो आपके साथ ठगी हो सकती है। आइए हम आपको बताते हैं कि ठगों द्वारा कौन कौन से उपाय अपनाए जा रहे हैं।

जीजा बनकर मांग रहे रुपए और कर रहे ठगी
वाराणसी जिले के बड़ागांव थाना क्षेत्र के हरहुआ डीह निवासी गुड्डू हाशमी ने बताया कि उनके मोबाइल पर रविवार को रात्रि में एक अनजान व्यक्ति द्वारा फोन किया गया। फोन करने वाला व्यक्ति ने सीधे गुड्डू का नाम लेकर कहा 'मैं जीजाजी बोल रहा हूं'। इतना सुनने के बाद गुड्डू को लगा कि हो सकता है कि उनका कोई रिश्तेदार ही हो। ऐसे में दुआ सलाम हुई। इसके बाद उसने कहा कि मुझे पहचान नहीं रहे हो मैं गुड़िया का हसबैंड बोल रहा हूं। जबकि गुड्डू के घर या जान पहचान में गुड़िया नाम की कोई लड़की नहीं है। ऐसे में उनको शक हुआ तो उन्होंने पूछा कि कौन गुड़िया? जिस पर ठग द्वारा गुड़िया की जगह गुड्डी और फिर पूजा का नाम लेते हुए उनका आदमी बताया गया। इतना सुनने के बाद गुड्डू को एहसास हो गया कि यह कोई फ्रॉड व्यक्ति है। ऐसे ही रतन सिंह यादव को भी पिछले माह एक व्यक्ति द्वारा फोन किया गया था और खुद को जीजा जी बता कर रुपए मांगे गए थे।

बिजली कनेक्शन काटने के नाम पर हो रही ठगी
वाराणसी समेत पूर्वांचल के कई जनपदों में बिजली कनेक्शन काटने के नाम पर भी ठगी की जा रही है। ठगों द्वारा मोबाइल पर एसएमएस भेज कर रात 9 बजे बिजली कनेक्शन काटने की धमकी दी जा रही है और एसएमएस में दिए गए नंबर पर संपर्क करने के लिए कहा जा रहा है। वाराणसी के साइबर थाने में ऐसे दर्जनों मामले दर्ज। पिछले माह उत्तर प्रदेश के स्टाम्प मंत्री की पत्नी को भी इसी तरह का मैसेज भेज कर ठगी करने का प्रयास किया गया था। मामले की जानकारी होने के बाद महकमे में हड़कंप मच गई। नंबर के आधार पर व्यक्ति के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया, अभी भी उस मामले में जांच चल रही है।

व्हाट्सएप वीडियो कॉल करके बना ले रहे न्यूड वीडियो
वीडियो कॉल करके ऑनलाइन सेक्स करने का ऑफर देते हुए भी लगातार लोगों से ठगी की जा रही है। ऐसे में व्हाट्सएप पर लड़कियों की डीपी लगाए हुए महिला द्वारा व्हाट्सएप पर वीडियो कॉल किया जाता है। कॉल करने वाली महिला द्वारा रंगीन बातें करते हुए ऑनलाइन सेक्स करने के लिए कहा जाता है। सामने वाला व्यक्ति धीरे-धीरे उनकी बातों में फंस कर वीडियो कॉल पर उनके सामने कपड़े उतार देता है। पूरे मामले को कॉल करने वाले रिकॉर्ड कर लिया जाता है। उसके बाद कॉल काट कर वीडियो व्हाट्सएप पर भेजा जाता है और रुपयों की मांग की जाती है। वाराणसी जिले के शिवपुर में एक रिटायर्ड अधिकारी को इसी तरह ठगों द्वारा निशाना बनाया गया और छह लाख से अधिक रुपए ले लिए गए। थक हार कर उस अधिकारी द्वारा पुलिस से शिकायत की गई। अभी भी इस मामले में पुलिस द्वारा जांच की जा रही है।

ठगी हो जाने के बाद तुरंत करें शिकायत
तेजी से बढ़ रहे ऑनलाइन ठगी के मामलों को पुलिस द्वारा गंभीरता से लिया जा रहा है। देश के किसी कोने में रहने वाले व्यक्ति के साथ यदि किसी प्रकार से आनलाईन ठगी हो जाती है तो वे तत्काल 1930 डायल कर इसकी शिकायत कर सकते हैं। तुरंत शिकायत करने पर रुपए रिफंड भी कराए जा सकते हैं। इसके अलावा वाराणसी में रहने वाले लोग वाराणसी कमिश्नरेट के साइबर सेल के नंबर 7839856954 पर भी फोन कर तत्काल शिकायत कर सकते हैं।












Click it and Unblock the Notifications