स्मार्ट क्लास, कंप्यूटर, साइंस लैब और लाइब्रेरी से लैस होंगे सरकारी स्कूल, मिलेंगी Convent school जैसी सुविधाए
उत्तर प्रदेश के सभी जनपदों के 10-10 सरकारी विद्यालयों को मॉडल विद्यालय बनाया जाना है, विद्यालयों में Convent school की तरह स्मार्ट क्लास, कंप्यूटर, साइंस लैब और लाइब्रेरी आदि की सुविधाएं भी दी जाएंगी।
वाराणसी, 05 अक्टूबर : सरकारी स्कूलों में भी अब कान्वेंट जैसी सुविधाएं मिलेंगी। शिक्षा विभाग द्वारा प्रदेश के सभी जनपदों से 10-10 स्कूलों की सूची मांगी गई है। सूची के आधार पर चयनित प्रत्येक जनपद के 10 स्कूलों में स्मार्ट क्लास, कंप्यूटर लैब, साइंस लैब और लाइब्रेरी आदि स्थापित किए जाएंगे। आदेश जारी होने के बाद सभी जनपदों के बेसिक शिक्षा अधिकारी द्वारा अपने अपने जिले के 10 स्कूलों को चयनित करने की कार्यवाही शुरू कर दी गई है।

कक्षा 8 तक के स्कूलों को मिलेगी सुविधा
अधिकारियों द्वारा बताया गया कि इस योजना में कक्षा 1 से लेकर 8 तक चलने वाले परिषदीय विद्यालयों को शामिल किया जाएगा। विद्यालय में छात्र छात्राओं के पठन-पाठन के लिए जहां अच्छी सुविधाएं दी जाएंगी वहीं विद्यालय के परिवेश को भी बदलने का पूरा प्रयास किया जाएगा। ऐसे में विद्यालय में टाइल्स, शौचालय, बाउंड्री वाल, पेंटिंग आदि का कार्य भी करवाया जाएगा। पूरी व्यवस्थाएं हो जाने के बाद विद्यालय में कंप्यूटर लैब, स्मार्ट क्लास, लाइब्रेरी और साइंस लैब आदि की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।
प्रेरणा पोर्टल के माध्यम से होगा आवंटन
अधिकारियों ने बताया कि इस कार्य योजना में शामिल करने वाले विद्यालयों का एक वीडियो बनाया जाएगा। वीडियो में विद्यालय के मैदान, क्लासरूम और विद्यालय के पूरे परिवेश को शामिल किया जाएगा। वीडियो के आधार पर आगे की कार्यवाही की जाएगी तथा विद्यालय के डिजाइन ऑटोकैड के माध्यम से तैयार की जाएगी। प्रक्रिया पूरी हो जाने के बाद राज्य स्तर पर विद्यालयों का आवंटन प्रेरणा एप के माध्यम से किया जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications