Varanasi : सपाइयों ने जारी किया विवादित पोस्टर, अखिलेश को बताया 'शेर' और राजभर को 'गीदड़'
Varanasi में सपा नेताओं द्वारा जारी किया गया विवादित पोस्टर, वाराणसी के कई इलाकों में चिपकाए विवादित पोस्टर
वाराणसी, 30 जुलाई : सपा और सुभासपा में हो रहे जुबानी हमले के बीच वाराणसी से समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने एक विवादित पोस्टर जारी किया है। जारी किए गए पोस्टर में समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने अखिलेश यादव को शेर तो ओमप्रकाश राजभर को गीदड़ के रूप में प्रदर्शित किया है। इतना ही नहीं, सपाइयों ने ओमप्रकाश राजभर के बेटे अरबिंद राजभर को पोस्टर पर चूहे के रूप में प्रदर्शित किया है। इस पोस्टर को सपाइयों द्वारा वाराणसी जिले में कई स्थानों पर लगाया गया।

विभीषण के रूप में गठबंधन करने का आरोप
पोस्टर लगाने के दौरान सपा नेता संदीप मिश्रा ने कहा कि ओम प्रकाश राजभर समाजवादी पार्टी से विभीषण के रूप में गठबंधन किए थे। ओमप्रकाश राजभर और उनके बेटे जहां चारा देखते हैं वहां चले जाते हैं। चारा देखने के बाद ही भारतीय जनता पार्टी में गए थे, जब वहां पेट भर गया और इनको लगा कि समाजवादी पार्टी 2022 में सरकार बन रही है तो सपा में चले आए। सरकार नहीं बनी तो इनको लगा कि चारा तो भारतीय जनता पार्टी में है, तो अब भारतीय जनता पार्टी की तरफ जाने लगे।

अखिलेश की दहाड़ पर तोड़ लिए गठबंधन
वाराणसी जिले के बेनियाबाग सराय गोवर्धन सहित अन्य क्षेत्रों में और वाहनों पर विवादित पोस्टर चिपकाने के दौरान सपा नेताओं ने कहा कि जब सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव को इनके असलियत की जानकारी लगी तो उन्होंने शेर की तरह दहाड़ लगाया। शेर ए हिंद की दहाड़ सुनते ही ओमप्रकाश राजभर अपने बेटे संग गीदड़ और चूहे की तरफ भाग निकले।

जहां सुख मिलता है वहीं जाते हैं राजभर
संदीप मिश्रा ने कहा कि ओमप्रकाश राजभर को जहां सुख मिलता है वहां पर वे तुरंत चले जाते हैं। ओमप्रकाश राजभर द्वारा केवल अपना भला देखा जाता है। संदीप ने आगे कहा कि राजभर समाज को भी जागरूक किया जा रहा है कि ओमप्रकाश राजभर पर भरोसा ना करें। ओम प्रकाश किसी के सगे नहीं हैं, मौका आने पर वे किसी का साथ छोड़कर कहीं भी जा सकते हैं। कहा कि 2022 में समाजवादी पार्टी की सरकार नहीं बनी लेकिन कार्यकर्ता निराश नहीं हैं। समाजवादी लोग कभी सत्ता के पीछे नहीं भागते हैं, जनता के साथ रहकर उनकी आवाज को उठाने का काम करते हैं।












Click it and Unblock the Notifications