अगले सप्ताह सीएम योगी आएंगे वाराणसी, रूद्राक्ष में करेंगे संवाद
वाराणसी के रूद्राक्ष सेंटर में माेदी@20 पुस्तक को लेकर आयोजित होगा कार्यक्रम‚ कार्यक्रम में सीएम योगी काशीवासियों से करेंगे संवाद
वाराणसी, 23 जुलाई : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अगले सप्ताह 28 जुलाई को प्रधानमंत्री के संसदीय क्षेत्र वाराणसी में आएंगे। वाराणसी के सिगरा में स्थित रुद्राक्ष कन्वेंशन सेंटर में मोदी@20 पुस्तक पर वे व्यापारियों, अधिकारियों, चिकित्सक, इंजीनियर, सामाजिक कार्यकर्ता सहित अन्य लोगों से संवाद करेंगे। इस कार्यक्रम की जानकारी देते हुए भारतीय जनता पार्टी के काशी क्षेत्र के प्रवक्ता नवरत्न राठी ने बताया कि कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लगातार 20 वर्षों के विश्व कीर्तिमान कार्यकाल को लेकर सीएम योगी मौजूद लोगों को संबोधित करेंगे।

पीएम की राजनीतिक दक्षता पर लिखी गई है मोदी@20
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी‚ प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के रूप में अपना 20 वर्षों का कार्यकाल पूरा कर चुके हैं। इसी को लेकर 'मोदी@20 ड्रीम्स मीट डिलीवरी' नामक पुस्तक प्रकाशित की गई है। पुस्तक की प्रस्तावना भारत रत्न स्वर्गीय लता मंगेशकर द्वारा लिखी गई है। इसी को लेकर 28 जुलाई को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ रुद्राक्ष कन्वेंशन सेंटर में पहुंचेंगे और जहां चार बजे से संवाद कार्यक्रम प्रारंभ होगा।
मोदी मैजिक के बारे में मिलेगी जानकारी
नवरत्न राठी ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पहले मुख्यमंत्री और उसके बाद प्रधानमंत्री के रूप में 20 वर्षों का कार्यकाल विश्व कीर्तिमान है। संवाद कार्यक्रम में लोगों को मोदी मैजिक के बारे में जानकारी मिलेगी। लोगों को यह भी जानकारी मिलेगी कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने आइडिया ऑफ इंडिया को कैसे आकार दे रहे हैं। इस कार्यक्रम में वाराणसी जिले के जनप्रतिनिधि, अधिवक्ता, इंजीनियर, चिकित्सक, शिक्षक सहित अन्य लोग शामिल होंगे। 28 जुलाई को रुद्राक्ष कन्वेंशन सेंटर में आयोजित कार्यक्रम को देखते हुए काशी क्षेत्र में जिला स्तर पर 3 सदस्यों की टीम गठित की जा रही है। टीम द्वारा पार्टी के अन्य पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से बात कर इसकी रूपरेखा तैयार की जाएगी और कार्यक्रम में बुद्धिजीवी वर्ग को शामिल करने के लिए कार्यकर्ता उनसे संपर्क भी करेंगे।












Click it and Unblock the Notifications