भदोही: गार्ड को गोली मारकर एटीएम कैश वैन से 20 लाख लूट ले गए 4 बदमाश, सीसीटीवी में दिखे
भदोही। उत्तर प्रदेश में भदोही जिले के सदर कोतवाली के निकट गंगापुर पिपरिस में सोमवार को 20 लाख रुपए लूट लिए गए। इस वारदात को 4 बदमाशों ने अंजाम दिया। एक एटीएम कैशवैन को चारों ने रास्ते में रोका। उसके गार्ड को गोली मारकर 20 लाख रुपए लूटे और फिर फरार हो गए। गंभीर रूप से घायल गार्ड को बीएचयू ट्रामा सेंटर रेफर किया गया। सूचना पाकर डीआईजी, एसपी, एएसपी समेत कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची।

संवाददाता के अनुसार, कैशवैन सोमवार की दोपहर शहर कोतवाली क्षेत्र के पिपरिस गंगापुर गांव में एटीएम में डिलीवरी देने जा रही थी। उसमें अलग अलग बैंकों से रुपए भरे गए थे। वह वैन जैसे ही कोतवाली क्षेत्र के गंगापुर सरपतहां मुख्यालय मार्ग के एक कारपेट कंपनी में कैश देने को रुकी, तभी दो बाइकों पर सवार बदमाशों ने हमला बोल दिया। बताया जाता है कि बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग की। इस दौरान एक गोली गार्ड शिवशंकर सिंह (58 वर्ष) के पैर में लगी। जिससे वह बेहोश हो गया।
अन्य गार्ड्स के सतर्क होने से पहले ही चार बदमाश बैग में करीब 20 लाख रुपए का कैश ले भागे। उधर, घायल गार्ड को महाराजा बलवंत सिंह राजकीय अस्पताल ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने उन्हें वाराणसी के ट्रामा सेंटर के लिए रेफर कर दिया। पुलिस ने भदोही कोतवाली में मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने लुटेरों के वीडियो भी जारी किए हैं।











Click it and Unblock the Notifications