वाराणसी जेल में कैदी की मौत के बाद गुस्साए परिजनों ने दरोगा को पीटा, कई थानों की फोर्स मौके पर पहुंची
वाराणसी जनपद में दहेज हत्या के आरोप में जेल में बंद एक कैदी की शनिवार को मौत हो गई। मौत होने के बाद पुलिस उसके शव को वाराणसी के दीनदयाल अस्पताल लेकर पहुंची। अस्पताल में स्थित मोर्चरी में उसके शव को रखने के बाद पुलिसकर्मी वहां से चले गए।
घटना की जानकारी मिलने के बाद मृतक के परिजन वहां पहुंच गए और हंगामा करने लगे। जानकारी मिलने के बाद पुलिसकर्मी भी वहां पहुंचे और परिजनों को शांत करने का प्रयास किये। इस दौरान परिजनों और पुलिस के बीच झड़प हो गई।

आरोप है कि झड़प के दौरान वहां मौजूद दरोगा ने मृतक के एक रिश्तेदार को थप्पड़ मार दिया। इससे नाराज मृतक के परिजनों ने दरोगा की पिटाई कर दी। इसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है जिसमें देखा जा सकता है कि एक व्यक्ति दरोगा को थप्पड़ मार रहा है।
घटना की जानकारी मिलने के बाद आसपास के थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। वहीं इस मामले का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद आजाद अधिकार सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमिताभ ठाकुर द्वारा आरोपी पुलिस कर्मियों के खिलाफ जांच करते हुए कार्रवाई की मांग की गई है।
चार साल पहले पत्नी की हुई थी मौत
वाराणसी जनपद के जंसा थाना क्षेत्र के बेसहूपुर निवासी मुकुल जायसवाल की शादी 12 दिसंबर 2019 को मंडुआडीह के तुलसीपुर की रहने वाली वंदना के साथ हुई थी। बताया जा रहा है की शादी की 6 महीने बाद वंदना ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर लिया था।
इस मामले में वंदना के परिजनों द्वारा मुकुल और उसके पिता श्याम सुंदर और उसके छोटे भाई अतुल तथा उसकी मां शिवकुमारी के खिलाफ दहेज हत्या का मामला दर्ज कराया गया था। इस मामले में मुकुल और उसके माता-पिता तथा भाई को गिरफ्तार कर पुलिस ने जेल भेज दिया था।
इस मामले में मुकुल के पिता श्याम सुंदर जायसवाल और उसकी मां शिव कुमारी देवी तथा छोटे भाई अतुल की जमानत हो चुकी थी जबकि मुकुल अभी भी जेल में ही बंद था। बताया जा रहा है कि शनिवार को अचानक मुकुल की तबीयत खराब हो गई।
तबीयत खराब होने के बाद उसे जेल में स्थित अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहां उसकी हालत में सुधार नहीं हुआ उसके बाद उसे जिला अस्पताल ले जाया गया। जिला अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। इधर घर वालों द्वारा आरोप लगाया गया कि पुलिस द्वारा समय से उसे अस्पताल नहीं पहुंचाया गया और लापरवाही बरती गई जिसके चलते मुकुल की मौत हुई।












Click it and Unblock the Notifications