ताजिया के दौरान विवाद, थाना प्रभारी को एसपी ग्रामीण ने किया लाइन हाजिर
वाराणसी में ताजिया विवाद के दौरान लापरवाही बरतने के चलते मिर्जामुराद थाना प्रभारी को एसपी ग्रामीण ने किया लाइन हाजिर
वाराणसी, 10 अगस्त: मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के करधना बाजार में ताजिया जुलूस के दौरान हुए विवाद के बाद पुलिस अधीक्षक वाराणसी ग्रामीण सूर्यकांत त्रिपाठी ने थाना प्रभारी मिर्जामुराद को लाइन हाजिर कर दिया है। मिर्जामुराद थाने की कमान अब राजीव कुमार सिंह को सौंपा गया है। राजीव सिंह अब तक चोलापुर थाने के प्रभारी थे। वहीं वाराणसी ग्रामीण क्षेत्र में विवेचना सेल के प्रभारी दुर्गेश कुमार मिश्र को चोलापुर थाने का प्रभारी बनाया गया है।

जामुन की डाल काटने को लेकर हुआ था विवाद
मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के करधना गांव में मंगलवार को ताजिया जुलूस निकाले जाते समय एक जामुन के पेड़ की डाल काटते समय हिंदू और मुस्लिम समुदाय के लोग आमने-सामने हो गए थे। दोनों पक्षों में पहले कहासुनी हुई उसके बाद जमकर लाठी-डंडे चले और पथराव भी हुआ। इस मारपीट में दोनों पक्षों के आधा दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए थे। मामले की सूचना मिलने के बाद वाराणसी ग्रामीण क्षेत्र के कई थानों की पुलिस वहां पहुंची। वहीं पुलिस अधीक्षक वाराणसी ग्रामीण और अन्य अधिकारी भी मौके पर पहुंच कर दोनों पक्ष के लोगों से बातचीत किये।

ताजिया निकालते समय पुलिस नहीं थी मौजूद
मौके पर पहुंचे अधिकारियों ने जब ग्रामीणों से पूछताछ किया तो ग्रामीणों ने बताया कि ताजिया निकालते समय वहां पर पुलिसकर्मी मौजूद नहीं थे। यदि ताजिए के साथ पुलिसकर्मी मौजूद रहते तो मारपीट की नौबत नहीं आई होती। बताया जा रहा है कि ताजिया जुलूस को मिर्जामुराद थाना प्रभारी हरिनाथ भारती ने गंभीरता से नहीं लिया। यही कारण है कि पुलिस अधीक्षक वाराणसी ग्रामीण द्वारा उनको लाइन हाजिर कर दिया गया।

जंसा से ताजिया लेकर जा रहे थे कुंडरिया
जंसा थाना क्षेत्र में स्थित नई बाजार से ताजिया लेकर ताजिए दार कुंडरिया गांव में स्थित कर्बला जा रहे थे। वे लोग ताजिया लेकर मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के करधना गांव में पहुंचे। करधना गांव में खदेरू जायसवाल की दुकान के सामने एक जामुन का पेड़ था, जिसमें ताजिया फंस गई। ताजिया आगे ले जाने के लिए मुस्लिम पक्ष के लोग जामुन के पेड़ की डाल काटने लगे। खदेरू जायसवाल और उनके परिवार के लोगों ने पेड़ की डाल को काटने से मना किया। इसी के चलते बात बढ़ गई और फिर जमकर मारपीट हुई।












Click it and Unblock the Notifications