OMG! 40 साल का दूल्हा और नाबालिग दुल्हन, बुआ को आ गया गुस्सा तो बारातियों को लौटना पड़ा
वाराणसी के चोलापुर थाना क्षेत्र के एक गांव में नाबालिक लड़की की शादी 40 वर्षीय दूल्हे के साथ में हुई थी, बारात आने से पूर्व लड़की की बुआ के चलते रुकी शादी
वाराणसी, 30 सितंबर : वाराणसी जिले के चोलापुर थाना क्षेत्र से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। चोलापुर के एक गांव की रहने वाली एक नाबालिग लड़की की शादी राजस्थान के एक अधेड़ से तय की गई थी। लड़की की बुआ और उसके घर के लोगों ने जब दूल्हे को देखा तो उनके होश उड़ गए। अधेड़ व्यक्ति से अपनी नाबालिग बेटी की शादी करने से लोगों ने इंकार कर दिया। इसे लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी होने लगी, इसी बीच किसी ने बाल कल्याण अधिकारी को सूचना दे दिया। पुलिस मौके पर पहुंची तो दूल्हे को शादी किए बगैर वापस लौटना पड़ा।

रिश्तेदारों संग वाराणसी आया था दूल्हा
चोलापुर थाना क्षेत्र के दानगंज चौकी अंतर्गत एक गांव की रहने वाली नाबालिग लड़की के पिता द्वारा उसकी शादी की जानी थी। उन्होंने अपनी बेटी की शादी राजस्थान में तय की। शादी की तिथि भी तय की गई उसके बाद दूल्हा अपने रिश्तेदारों और दोस्तों को लेकर वाराणसी चला आया। बृहस्पतिवार को वाराणसी में एक होटल में कमरा लेकर रिश्तेदारों और दोस्तों संग रुके दूल्हे को देखने के लिए लड़की की बुआ और घर की कुछ महिलाएं पहुंची।

अधेड़ दूल्हा देखकर बुआ को आ गया गुस्सा
दूल्हे को देखने के बाद लड़की की बुआ नाराज हो गई। दूल्हे का रंग भी काला था और उम्र भी अधिक थी। पूछने पर पता चला कि दूल्हे की उम्र 40 साल है, यह सुनते ही बुआ नाराज हो गई और वहीं पर जमकर खरी-खोटी सुनाने लगी। दूल्हे को देखकर बुआ और अन्य महिलाएं जब घर पहुंची तो यह बात कानों कान लड़की तक पहुंच गई। उसके बाद लड़की ने भी शादी से इंकार कर दिया। इधर दूल्हा पक्ष बारात की तैयारी कर रहा था।

किसी ने चाइल्डलाइन को दे दी सूचना
इस बात की जानकारी धीरे-धीरे गांव के लोगों को भी होने लगी। इसी दौरान किसी ने चाइल्डलाइन को फोन करके इस बारे में सूचना दे दी। चाइल्ड लाइन की सूचना पर दानगंज पुलिस चौकी से पुलिसकर्मी लड़की के घर पहुंचे और परिजनों से पूछताछ किए। पूछताछ के दौरान लड़की द्वारा शादी करने से मना कर दिया गया।

बिना दुल्हन के राजस्थान वापस लौटी बारात
लड़की के पिता से जब लोगों ने पूछताछ की तो पता चला उन्होंने दूल्हे को नहीं देखा था। रिश्तेदार के कहने पर वे लड़की की शादी तय कर दिए थे। उनको दूल्हे की उम्र नहीं पता थी। ऐसे में पुलिस और लड़की पक्ष के लोगों द्वारा दूल्हा और उसके साथ आए बारातियों से बात की गई। बातचीत के बाद दूल्हा और उसके साथ के लोग मायूस नजर आए और शादी किए बगैर दूल्हा और उसके साथ आए बाराती राजस्थान वापस लौट गए। इस मामले की चर्चा चोलापुर क्षेत्र में बृहस्पतिवार को दिन भर चलती रही।












Click it and Unblock the Notifications