Weather Alert: उत्तराखंड में दूसरी बार रेड अलर्ट हुआ जारी, किस जिले में कब कैसा रहेगा मौसम, जानिए
उत्तराखंड में 18 और 19 जुलाई को भारी वर्षा का रेड अलर्ट जारी
देहरादून, 16 जुलाई। उत्तराखंड में 18 और 19 जुलाई को भारी वर्षा का रेड अलर्ट जारी हुआ है। इसे देखते हुए शासन की ओर से सतर्कता बरतने को कहा गया है। साथ ही सभी जिलाधिकारियों को दिशा निर्देश जारी कर दिए गए हैं। जुलाई महीने में दूसरी बार रेड अलर्ट जारी किया गया है।

सभी जिलाधिकारियों को पत्र लिखकर दिशा निर्देश जारी
राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र की ओर से सभी जिलाधिकारियों को पत्र लिखकर दिशा निर्देश दिए गए हैं। पत्र में कहा गया है कि संभावित आपातकालीन स्थिति को देखते हुए प्रत्येक स्तर पर सावधानी सुरक्षा और आवागमन में नियंत्रण बरती जाए। सभी विभागों के अधिकारी को समन्वय बनाने को कहा गया है। साथ ही विभागीय नोडल अधिकारी को हाई अलर्ट पर रहने के निर्देश दिए गए हैं।
अभी तेज धूप और उमस से परेशान
उत्तराखंड में बीते कुछ दिनों से हल्की और मध्यम बारिश का क्रम जारी है।शुक्रवार और शनिवार को एक जैसा मौसम रहा है। हालांकि दून समेत मैदानी जिलों में तेज धूप और उमस से लोग काफी परेशान नजर आए। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग ने शनिवार और रविवार को भारी बारिश का अनुमान जताया है। इसके अलावा 18, 19 और 20 जुलाई को भारी से बहुत भारी बारिश के आसार हैं, जिसे देखते हुए रेड अलर्ट जारी किया गया है।
सोमवार से रेड अलर्ट
18 जुलाई को नैनीताल, चंंपावत, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है, 19 और 20 जुलाई को उत्तराखंड के सात जिलों देहरादून, टिहरी, पौड़ी, नैनीताल, चंपावत, उधमसिंहनगर और हरिद्वार में भारी बारिश को लेकर रेड अलर्ट जारी किया गया है। बाकी जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। ऐसे में संवेदनशील संवेदनशील स्थानों पर भूस्खलन, सड़क में कटाव, नालों और नदियों के जलस्तर में अचानक बढ़ोतरी, साथ ही निचले इलाकों में जल भराव होने की संभावना है। इधर कुमाऊं मंडल में बागेश्वर को छोड़ शेष पांच में सामान्य से कम बारिश हुई है। बागेश्वर में सामान्य से 186 प्रतिशत अधिक वर्षा हुई है। अब तक सबसे कम वर्षा नैनीताल जिले में हुई है। 556 मिमी के सापेक्ष जिले में 209 मिमी ही वर्षा हुई है।












Click it and Unblock the Notifications