VIDEO: चुपके से घर की देहरी पर आया तेंदुआ, फिर घात लगाकर कुत्ते को मुंह में दबा ले गया
नैनीताल। उत्तराखंड की सरोवर नगरी नैनीताल में एक तेंदुए ने घर में घुसकर पालतू कुत्ते को निशाना बनाया। बीती रात करीब 9 बजे तेंदुआ एक अधिकारी के घर आ पहुंचा। उसे देखकर आंगन में बैठा कुत्ता डरकर घर के अंदर चला गया। तेंदुआ भी उसी के पीछे दरवाजे तक गया और फिर पीछे आकर छुप गया। उसके बाद जैसे ही कुत्ता बाहर निकला तो एक ही झटके में तेंदुआ उसे मुंह में दबाकर ले गया।
Recommended Video

घर आकर तेंदुए ने पालतू कुत्ते को मारा
कुत्ते की चीख सुनकर घरवाले बाहर निकले तो देखा कि कुत्ता गायब हो चुका था। उन्होंने सीसीटीवी कैमरे चेक किए तो फुटेज में तेंदुआ साफ दिखा। घरवालों ने कुत्ते को खोजने की कोशिश की, लेकिन तेंदुआ उसे पहले ही मार चुका था।

रात 9 बजे अचानक किया था हमला
संवाददाता ने बताया कि, यह घटना तल्लीताल ज़ू रोड पर स्थित चंदन सिंह के घर घटी। उनकी बेटी तपिशा ने बताया कि, 15 दिन पहले भी तेंदुआ इधर आया था। मगर, तब वह हमें साफ दिखा नहीं था। फिर अब यह जो रात में हमारे घर आ गया, हमने उसे देखा। हमारा कुत्ता उसे देखकर दरवाजे के अंदर घुस गया था, फिर मैंने शोर मचाया तो तेंदुआ बाहर चला गया था। हमारे दो कुत्तों में से एक बाहर निकला तो तेंदुआ उसे झपट्टा मारकर ले भागा। जब तक हम बाहर निकले, वो उसे ले जा चुका था।

पलक झपकते ही गायब हो गया
मकान मालिक चंदन सिंह का कहना है कि, मेरी बेटी घर के अन्दर की गली में कुत्तों को अंदर बंद करने आई, तभी उसने तेंदुए का तीन कदम की दूरी से सामना किया। वह कुछ करती उससे पहले ही तेंदुआ कुत्ते को लेकर वहां से गायब हो गया।












Click it and Unblock the Notifications