उत्तराखंड: हल्द्वानी में अवैध मदरसा ढहाए जाने के बाद दंगे, देखते ही गोली मारने के आदेश, कर्फ्यू-स्कूलें बंद
Haldwani News: उत्तराखंड के हल्द्वानी में अतिक्रमण हटाओ अभियान के दौरान उपजी हिंसा और बवाल के बाद इलाके में कर्फ्यू लगाने का आदेश जारी किया गया है। इतना ही नहीं अवैध मदरसा ढहाए जाने के बाद हलद्वानी में हुए दंगे में इलाके में देखते ही गोली मारने के आदेश भी दिए गए हैं।
पूरा बवाल हल्द्वानी के मलिका बगीचा स्थित मदरसे व मस्जिद पर प्रशासन के बुलडोजर एक्शन के बाद हुआ है। जहां अराजक तत्वों ने पहले पत्थरबाजी की और फिर आगजनी करना शुरू कर दिया। इस बवाल में कई पुलिसकर्मी घायल हो गए।

प्रदर्शनकारियों को काबू में करने के लिए अतिरिक्त पुलिसबल बुलाया गया है। इतना ही नहीं उपद्रवियों को तितर-बितर करने के लिए पुलिसकर्मियों ने हवाई फायरिंग की और आंसू गैस के गोले भी दागे।
जानकारी के मुताबिक अतिक्रमण हटाओ अभियान के बाद हलद्वानी के बनभूलपुरा में हिंसा भड़क उठी। DM नैनीताल ने बनभूलपुरा में कर्फ्यू लगा दिया है और दंगाइयों को देखते ही गोली मारने का आदेश दिया है। हलद्वानी शहरी क्षेत्र में कर्फ्यू का यह आदेश आज रात 9 बजे लागू हो गया और अगले आदेश तक लागू रहेगा।
ताजा जानकारी के अनुसार पुलिस मुख्यालय के प्रवक्ता IG नीलेश आनंद भरणे ने ANI को बताया कि अर्धसैनिक बल की 4 कंपनियां हल्द्वानी के हिंसा प्रभावित इलाके में भेजी गई हैं। IG ने बताया कि ऊधमसिंह नगर से PAC की 2 कंपनियां हल्द्वानी पहुंच चुकी हैं।
सीएम धामी का बयान
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने घटना को लेकर कहा, "न्यायालय द्वारा दिए गए आदेशों के क्रम में प्रशासन की टीम अवैध अतिक्रमण को हटाने गई थी। वहां अराजक तत्वों के साथ पुलिस की झड़प हुई है। जिसमें पुलिस और प्रशासन के लोगों को चोट आई है। तत्काल वहां पर पुलिस और अन्य केंद्रीय बल की टुकड़ियां भेजी जा रही हैं। सभी से शांति बनाने की अपील की जाती है। कर्फ्यू लगा दिया गया है। जिन्होंने आगजनी की है, उनके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।"
DGP अभिनव कुमार का बयान
उत्तराखंड के DGP अभिनव कुमार ने कहा, "आज शाम लगभग 4 बजे हलद्वानी के बनभूलपुरा में जिला प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम न्यायालय के आदेशों के क्रम में अवैध अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई कर रही थी। उस कार्रवाई के विरोध में वहां कुछ उपद्रवी अराजक तत्वों द्वारा पथराव और आगजनी की गई। सूचना मिली है कि उन लोगों ने अवैध असलहों से पुलिस और प्रशासन पर फायरिंग भी की। थाने के आस-पास भी तोड़फोड़ और आगजनी की सूचना है।
Recommended Video
उन्होंने आगे कहा कि सूचना मिलते ही DIG कुमाऊ भी मौके पर पहुंचे और आस-पास के जनपद से भी अतिरिक्त पुलिसबल वहां भेजा गया है। इस घटना की गंभीरता को देखते हुए मुख्यमंत्री द्वारा उनके आवास पर एक आपातकालीन बैठक भी बुलाई गई। बैठक में स्थिति का जायजा लिया गया। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है। घायल पुलिस कर्मियों और प्रशासन के लोगों को स्थानीय अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। स्थिति तनावपूर्ण है लेकिन नियंत्रण में है और हमारे पास इस पूरे घटनाक्रम में हुए उपद्रव की CCTV फुटेज है। आने वाले दिनों में इस घटना के पीछे उपद्रवी तत्वों को चिन्हित करके उनके खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी।
सभी स्कूल रहेंगे बंद
वहीं हिंसा को देखते हुए हल्द्वानी में शुक्रवार को सभी स्कूल रहेंगे बंद। तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए स्कूल बंद करने का फैसला किया गया है। खंड शिक्षा अधिकारी हल्द्वानी हरेंद्र कुमार मिश्र के आदेश के अनुसार कक्षा 1 से 12वीं तक के सभी स्कूल बंद रहेंगे। सुरक्षात्मक कारण से अनिवार्य रूप से स्कूल बंद रखने के निर्देश दिए गए हैं।












Click it and Unblock the Notifications