आय से अधिक संपत्ति मामले में विजिलेंस ने पूर्व जिला समाज कल्याण अधिकारी के घर मारी रेड,जानिए क्या है मामला
उत्तराखंड में भ्रष्ट्राचार के खिलाफ विजिलेंस की कार्रवाई जारी है। आय से अधिक सम्पत्ति अर्जित करने सम्बन्धी मामले में उत्तराखंड छात्रवृत्ति घोटाले के आरोपी अनुराग शंखधर पूर्व जिला समाज कल्याण अधिकारी, ऊधमसिंह नगर के देहरादून स्थित आवास पर आज रेड मारी।
आरोपी के खिलाफ थाना सतर्कता अधिष्ठान सेक्टर हल्द्वानी में मुकदमा दर्ज है। इसी क्रम में विजिलेंस की टीम ने अभियुक्त अनुराग शंखधर के देहरादून स्थित आवास की तलाशी ली गयी।

विजिलेंस से मिली जानकारी के अनुसार तलाशी के दौरान दो लाख नकद, दो भवन के प्रपत्र, वाहन होण्डा WRB और अन्य महत्वपूर्ण अभिलेख विवेचना के लिए प्राप्त किये गये। विजिलेंस ने बताया कि बरामद चल-अचल सम्पत्ति के विवरण को विवेचना में सम्मिलित कर नियमानुसार वैधानिक कार्यवाही की जायेगी।
बताया जा रहा है कि छापेमारी के दौरान विजिलेंस के हाथ कई अहम सुराग लगे हैं। उत्तराखंड छात्रवृत्ति घोटाले में फंसे ऊधम सिंह नगर जिले के पूर्व जिला समाज कल्याण अधिकारी अनुराग शंखधर के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति का मुकदमा दर्ज है। इस मामले में अनुराग शंखधर जेल भी जा चुके है।
शनिवार को विजिलेंस की हल्द्वानी और देहरादून की संयुक्त टीम अनुराग शंखधर के देहरादून के वसंत विहार में स्थित घर में पहुंची थी। इस दौरान टीम ने घर में लोगों से पूछताछ की और घर की तलाशी भी ली। छात्रवृत्ति घोटाले में जिला समाज कल्याण अधिकारी हरिद्वार रहते हुए अनुराग गिरफ्तार हुए और जेल भी जा चुके हैं और विभाग से बाद में निलंबित भी हुए थे।
विजिलेंस की कार्रवाई से प्रदेशभर में हड़कंप मचा हुआ है। एक दिन पहले ही विजिलेंस ने हरिद्वार के वीडीओ को आय से 300 से भी ज्यादा संपत्ति अर्जित करने के मामले में गिरफ्तार किया था। इस तरह से लगातार विजिलेंस ताबड़तोड़ एक्शन लेने में जुटी है।












Click it and Unblock the Notifications