Uttarkashi Silkyara Tunnel: सिलक्यारा नहीं बाबा बौखनाग टनल नाम रखने की उठी मांग, ये है वजह
Uttarkashi Silkyara Tunnel: उत्तरकाशी के सिलक्यारा में निर्माणाधीन टनल का नाम बौखनाग टनल रखने को लेकर स्थानीय लोगों ने मांग तेज कर दी है। स्थानीय लोगों ने इसके लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को पत्र भेजकर इस सुरंग का नाम बाबा बौखनाग देवता के नाम पर रखने की मांग की है।

बता दें कि 17 दिन तक यमुनोत्री हाईवे पर सिलक्यारा टनल में दिवाली की सुबह से 41 मजदूर फंसे रहे। पहले ही दिन से श्रमिकों को बाहर निकालने के लिए युद्ध स्तर का अभियान चलाया गया। इसके लिए देश विदेश की कई एजेंसियां और एक्सपर्ट बुलाए गए। अमेरिकी मशीन से खुदाई की गई लगातार कई बाधाएं आई। जब बहुत कोशिश के बाद भी सफलता नहीं मिली तो कंपनी के अधिकारियों ने बाबा बौखनाग की शरण ली।
स्थानीय लोगों ने इसे बाबा बौखनाग के प्रकोप मानकर पूजा अर्चना की। लोगों का कहना था कि यहां बौखनाग का मंदिर था, जिसे सुरंग के काम के लिए तुड़वाया गया। ऐसे में नए मंदिर की स्थापना की मांग उठी। अधिकारियों ने टनल के बाहर अस्थाई मंदिर भी स्थापित किया। साथ ही ये भरोषा दिलाया गया कि रेस्क्यू अभियान पूरा होने के बाद भव्य मंदिर बनाया जाएगा।
इस बीच मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी टनल के अंदर जितनी बार प्रवेश करने गए बाबा बौखनाग के सामने हाथ जोड़ते हुए नजर आए। आस्ट्रेलिया से आए टनल एक्सपर्ट अनोल्ड डिक्स भी हमेशा बाबा बौखनाग के मंदिर में हाथ जोड़कर सिर झुकाते हुए नजर आए। इतना ही नहीं रेस्क्यू अभियान पूरा होने के बाद पहाड़ी पर चार किमी पैदल चलकर बाबा बौखनाग के प्राचीन मंदिर पहुंचे।
अब जब सब सकुशल बाहर आ गए और रेस्क्यू अभियान सफल हो गया तो भव्य मंदिर बनाने और टनल का नाम सिलक्यारा की जगह बौखनाग रखने की मांग तेज हो गई है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी पहले ही टनल के बाहर बाबा बौखनाग का भव्य मंदिर बनाने की घोषणा कर चुके हैं। सामाजिक संगठन जय हो ग्रुप ने मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजकर क्षेत्र के लोगों की धार्मिक आस्था को देखते हुए सुरंग का नाम सिलक्यारा पोलगांव सुरंग की जगह बाबा बौखनाग रखने की मांग की है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि रेस्क्यू आपरेशन पूरा होने के तीन दिन पहले भी सभी लोग बाबा बौखनाग के अवतरित देवता के पास गए थे। जिन्होंने पहले ही सही समय की भविष्यवाणी कर दी थी। ऐसे में इस सुरंग की सुरक्षा और लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने में बाबा बौखनाग का आशीर्वाद प्राप्त हुआ है।












Click it and Unblock the Notifications