बदरीनाथ धाम और हेमकुंड साहिब की यात्रा छिनका प्वाइंट पर हो रही बाधित, मौसम और चारधाम यात्रा का पूरा अपडेट
उत्तराखंड में सबसे ज्यादा खतरनाक बद्रीनाथ हाईवे पर चमोली जिले का छिनका प्वाइंट हो गया है। जो कि पहाड़ी से मलबा और पत्थर आने से कई घंटो तक बंद हो रहा है।
उत्तराखंड में मानसून आते ही यात्रा प्रभावित होने लगी है। चार धाम यात्रा मार्गों पर जगह जगह भू स्खलन से मुश्किलें बढ़ गई है। सबसे ज्यादा खतरनाक बद्रीनाथ हाईवे पर चमोली जिले का छिनका प्वाइंट हो गया है। जो कि पहाड़ी से मलबा और पत्थर आने से कई घंटो तक बंद हो रहा है। ये प्वाइंट बदरीनाथ धाम और हेमकुंड साहिब दोनों धामों को जाने वाले यात्रियों के लिए काफी अहम है। केदारनाथ यात्रा भी रुकरुक कर चल रही है। जबकि गंगोत्री व यमुनोत्री यात्रा का संचालन भी मौसम के हालात देखकर रुकरुक कर कराया जा रहा है।

शनिवार सुबह भी बदरीनाथ हाईवे काफी देर तक बंद रहा, जो कि फिलहाल खुल गया है। लेकिन बारिश की वजह से प्रशासन और पुलिस की ओर से मौसम और यात्रा मार्ग देखकर ही यात्रा करने की अपील की जा रही है। हाईवे बंद होते ही दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लग रही हैं और जैसे ही हाईवे खुल रहा है धीरे धीरे वाहनों को पार कराया जा रहा है।
केदारनाथ में बारिश शुरू होते ही सोनप्रयाग में भी श्रद्धालुओं को रोका जा रहा है। मौसम में फिलहाल किसी तरह की कोई राहत नजर नही आ रही है। शनिवार को भी उत्तराखंड के पर्वतीय जिलों में कहीं-कहीं गर्जन और बिजली चमकने के साथ बारिश की तेज बौंछार पड़ने की संभावना है। जबकि देहरादून, टिहरी और पौड़ी जिले में कहीं-कहीं भारी बारिश को लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है। हरिद्वार और अल्मोड़ा जिले के कुछ इलाकों में हल्की बारिश के आसार हैं। 4 जुलाई तक फिलहाल बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।












Click it and Unblock the Notifications