Uttarakhand Weather:मौसम ने ली करवट, बारिश और ओलावृष्टि से गिरा तापमान, आगे ऐसा रहेगा मौसम
उत्तराखंड में एक बार फिर चार धाम यात्रा के बीच मौसम ने करवट ली है। उत्तरकाशी जिले में झमाझम बारिश के साथ जमकर ओलावृष्टि हुई है। बता दें कि यमुनोत्री व गंगोत्री धाम उत्तरकाशी जिले में ही आते हैं।
इसके साथ ही धामों में भी मौसम के खराब होने से ठंडक बढ़ गई है। बदरीनाथ में भी कपाट खुलते ही बौछारें पड़ी हैं। हालांकि मैदानी इलाकों में गर्मी अपना असर दिखा रही है। मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों तक तपिश कम रहने की संभावना जताई है।

उत्तरकाशी समेत पहाड़ों के कई जिलों में आज दोपहर बाद मौसम ने करवट बदली। उत्तरकाशी में झमाझम बारिश और जमकर ओलावृष्टि भी हुई। बारिश होने से तापमान में गिरावट भी दर्ज की गई। उधर मैदानी इलाकों में तेज धूप से उमस भरी गर्मी ने लोगों को परेशान किया हुआ है।
साथ ही गंगोत्री हाईवे पर आधे घंटे की बारिश से जलभराव होने से यात्रियों को कई तरह की असुविधा का सामना करना पड़ा है। मौसम वैज्ञानिकों की मानें तो कल भी मौसम बदलने से तापमान में गिरावट दर्ज की जा सकती है। मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से दोनों दिनों के लिए बारिश और झोंकेदार हवाओं का येलो अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम विभाग ने उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिले के कुछ स्थानों पर गर्जन के साथ हल्की से मध्यम बारिश और देहरादून, टिहरी, अल्मोड़ा जिले में कहीं-कहीं बहुत हल्की से हल्की बारिश होने की संभावना जताई है।
उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर, पिथौरागढ़, देहरादून, टिहरी और अल्मोड़ा जिले में कहीं-कहीं आकाशीय बिजली गिरने की संभावना जताई गई। साथ ही 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं भी चलने को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है।
सोमवार एवं मंगलवार को कहीं-कहीं तेज हवाएं चलने और ओलावृष्टि हो सकती है। मौसम विभाग ने चार धाम यात्रा करने वाले श्रद्धालुओं को सर्दी से बचने के लिए गर्म कपड़े और बारिश को देखते हुए रेन कोट आदि व्यवस्थाएं साथ रखने को कहा है।












Click it and Unblock the Notifications