Uttarakhand Weather Today बदला मौसम, पहाड़ों में फिर बर्फबारी शुरू, जानिए कब तक रहेगी बारिश और बर्फबारी का दौर
Uttarakhand Weather Today उत्तराखंड में एक बार फिर बर्फबारी होने से मौसम का मिजाज बदल गया है। बदरीनाथ, केदारनाथ, गंगोत्री, यमुनोत्री समेत पहाड़ों में कई जगह बर्फबारी होने की सूचना है। इसके साथ ही पहाड़ों में चारों तरफ की पहाड़ियां भी बर्फ की सफेद चादर ओढे हुए है।
जिससे मनमोहक नजारा देखने को मिल रहा है। पर्यटक और स्थानीय लोगों के लिए बर्फबारी बड़ी राहत लेकर आई है। मौसम विभाग ने मंगलवार 3 फरवरी को भी उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिले में हल्की बारिश व बर्फबारी की संभावना जताई है।

पर्वतीय इलाकों में मंगलवार को हल्की बारिश के साथ बर्फबारी की संभावना है। देहरादून समेत पौड़ी और नैनीताल में 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने का येलो अलर्ट जारी किया गया है। खासकर प्रदेश के 2800 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी के ज्यादा आसार हैं। उत्तराखंड में बीते 23 जनवरी से मौसम मेहरबान है। कई जगह तीन से चार बार बर्फबारी हो चुकी है।
बदरीनाथ, केदारनाथ, गंगोत्री, यमुनोत्री धाम में भी कई बार बर्फबारी हो चुकी है, धामों में इस समय बर्फ की मोटी परत जमीं हुई है। धामोंं में 5 फीट तक बर्फबारी होने की जानकारी है। बीते सोमवार सुबह हल्की बारिश के बाद, दिन भर हल्की धूप के साथ बादल छाए रहे। लेकिन मंगलवार को फिर मौसम खराब है। मौसम विभाग ने फिर से आज पर्वतीय इलाकों में हल्की बारिश के साथ बर्फबारी की संभावना है।
हरसिल और औली में इस समय बर्फबारी होने की सूचना मिली है। जिससे स्थानीय लोग खासे उत्साहित हैं। बागवानी करने वाले और होटल चलाने वाले लोगों के लिए बर्फबारी किसी लॉटरी से कम नहीं मानी जा रही है। इससे एक तरफ सेब और अन्य खेती में फायदा होगा। दूसरा पर्यटक भी लगातार पहाड़ों में बर्फ देखने के लिए पहुंच रहे हैं। जिससे स्थानीय लोगों का रोजगार बढ़ रहा है। मंगलवार को देहरादून को सुबह 9 बजे तक घना कोहरा छाया रहा। आसमान में आज पूरी तरह से बादल छाए हुए हैं।












Click it and Unblock the Notifications