Uttarakhand weather:आसमानी आफत,चमोली में नदियों का रौद्र रूप,काशीपुर में जलभराव, एसडीआरएफ ने संभाला मोर्चा
उत्तराखंड में बारिश आसमानी आफत बनकर बरस रही है। लगातार हो रही भारी बारिश से अब कई जगह हाल बेहाल होते जा रहे हैं।
उत्तराखंड में बारिश आसमानी आफत बनकर बरस रही है। लगातार हो रही भारी बारिश से अब कई जगह हाल बेहाल होते जा रहे हैं। पहाड़ों में भूस्खलन और नदियों के रौद्र रूप से लोग डरे हुए हैं तो मैदानी क्षेत्रा में जलभराव और बाढ़ जैसे हालात पैदा हो गए हैं।

पहाड़ों में हो रही बारिश से नदियां पूरी तरह उफान पर हैं और नदियां अपने रौद्र रुप दिखा रही है। नदियों के किनारे रह रहे लोगों को खतरा बढ़ गया है। इस बीच सबसे डरानी वाली तस्वीरें चमोली जिले से सामने आई है। लगातार हो रही भारी बारिश के कारण अलकनन्दा, नन्दाकिनी व पिण्डर नदियों का जलस्तर अत्याधिक बढ़ गया है।
सुरक्षा को देखते हुए कोतवाली चमोली, कोतवाली कर्णप्रयाग व थाना थराली पुलिस द्वारा नदी किनारे रहने वाले लोगों को लगातार अनाउंसमेंट कर सतर्क रहने व सुरक्षित स्थानों पर जाने की अपील की जा रही है। साथ ही किसी भी आपातकालीन स्थिति की सूचना तत्काल डायल 112 पर देने की अपील की जा रही है।
उधमसिंहनगर के काशीपुर क्षेत्र में देर रात हुए जलभराव से कई लोगों को मुश्किल में डाल दिया। एसडीआरएफ ने रात के अंधेरे में रेस्क्यू कर लोगों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाया। प्राप्त जानकारी के अनुसार देर रात्रि में एसडीआरएफ टीम को तहसीलदार, काशीपुर के माध्यम से सूचना प्राप्त हुई कि काशीपुर क्षेत्रान्तर्गत हिम्मतपुर में अतिवृष्टि के कारण अत्यधिक जलभराव हो गया है, जिसके कारण जलमग्न हुए मकानों में वहां निवासरत कई लोग फंसे हुए है। सूचना मिलते ही एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू कार्य शुरू किया। इस बीच जलमग्न हुए मकानों में फंसे लगभग 60 लोगों को राफ्ट की सहायता से रेस्क्यू कर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया, जिनके रहने की व्यवस्था प्राइमरी स्कूल, हिम्मतपुर में की गई है।
हरिद्वार में चंडी देवी देवी मंदिर परिसर के पास भूस्खलन होने से दुकानें क्षतिग्रस्त होने की सूचना है। पुलिस व राजस्व वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर अन्य दुकानों को खाली कराए जाने के साथ ही परिसर में श्रद्धालुओं की आवाजाही को भी बंद करा दिया गया है। चंडी देवी मंदिर परिसर में एहतियातन रोपवे और पैदल मार्ग भी बंद कर दिया गया है।
मौसम विभाग ने प्रदेशभर में दो दिन और भारी बर्षा की आशंका जताई है। 23 और 24 अगस्त को टिहरी, देहरादून, पौड़ी, बागेश्वर, चम्पावत, नैनीताल और ऊधमसिंह नगर जिले में बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है।












Click it and Unblock the Notifications